Haridwar विजय दशमी के पावन अवसर पर मां मनसा देवी मंदिर परिसर में भव्य ध्वजारोहण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मां मनसा देवी मंदिर ट्रस्ट के ट्रस्टी अनिल शर्मा ने सभी श्रद्धालुओं को विजय दशमी की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि यह पर्व बुराई पर अच्छाई की विजय का प्रतीक है और हमें अपने जीवन में भी सत्य, धर्म और न्याय के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है।अनिल शर्मा ने जानकारी दी कि विजय दशमी के दिन मां मनसा देवी के मुख्य मंदिर पर पारंपरिक विधि-विधान से विशेष पूजा-अर्चना कर ध्वज लगाया गया। मंदिर परिसर में भक्तों की भारी भीड़ उमड़ी और श्रद्धालुओं ने माता रानी के दर्शन कर अपने जीवन में सुख-शांति और समृद्धि की कामना की।उन्होंने यह भी कहा कि मां मनसा देवी अपने भक्तों की सभी मनोकामनाएं पूर्ण करती हैं और जो भी सच्चे मन से उन्हें पुकारता है, उसकी झोली खुशियों से भर देती हैं। ट्रस्ट द्वारा मंदिर में सुरक्षा, स्वच्छता और भक्तों की सुविधाओं का भी विशेष ध्यान रखा गया।




