उत्तराखंडहरिद्वार

सुभाष घाट की दुर्दशा पर व्यापारियों ने नगर निगम प्रशासन के खिलाफ डमरू, मजीरा और थाली बजाकर किया प्रदर्शन 

 

हरिद्वार। सुभाष घाट व्यापार मंडल के अध्यक्ष राजू वधावन के नेतृत्व में व्यापारियों ने घाट की बदहाल स्थिति को लेकर डमरू,मजीरा और थाली बजाकर कड़ा रोष व्यक्त किया। व्यापारियों ने कहा कि घाट पर जगह-जगह पत्थर टूटे हुए हैं, लोहे के जाल क्षतिग्रस्त हैं और सार्वजनिक शौचालय जर्जर अवस्था में हैं। ऐसी स्थिति में देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों के सामने हरिद्वार की छवि धूमिल हो रही है।

अध्यक्ष राजीव वधावन ने बताया कि घाट की मरम्मत और सफाई के लिए कई बार अधिकारियों को अवगत कराया गया, लेकिन आज तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। उन्होंने कहा कि आरती के बाद जब यात्री लौटते हैं, तो टूटे हुए पत्थरों और जालों के कारण कई लोग घायल हो जाते हैं। यह स्थिति न केवल प्रशासन की लापरवाही दर्शाती है बल्कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए भी खतरा बनी हुई है।

व्यापारी नेता राम कुमार बंसल ने कहा कि हरिद्वार विश्व प्रसिद्ध तीर्थस्थल है, जहां लाखों श्रद्धालु आते हैं, लेकिन सुभाष घाट और हरकी पैड़ी क्षेत्र में फैली गंदगी से गलत संदेश जाता है। उन्होंने कहा कि यह क्षेत्र गंदगी और अव्यवस्था से ग्रस्त है, जिससे व्यापारियों और यात्रियों दोनों को भारी परेशानी झेलनी पड़ती है।

पार्षद हिमांशु गुप्ता ने बताया कि हरकी पैड़ी क्षेत्र में कई प्लेटफार्म और लोहे के जाल टूटे हुए हैं। पेयजल की व्यवस्था भी ठीक नहीं है और नालियों की सफाई महीनों से नहीं हुई है। नालियों में कीड़े रेंगते रहते हैं जिससे अस्वच्छ वातावरण बना हुआ है और व्यापारी स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं का सामना कर रहे हैं।

इस दौरान सुमित शर्मा, राजू मल्होत्रा, राम मल्होत्रा, आकाश अरोड़ा, पंकज लाली, राम किशोर, शम्मी अरोड़ा, विशाल ठाकुर, मोनू शर्मा, मंगल वर्मा, राजीव खत्री, सुधीर अरोड़ा, सोनल गर्ग, विवेक बत्रा समेत कई व्यापारियों ने एक स्वर में प्रशासन से मांग की कि सुभाष घाट की तत्काल सफाई कराई जाए, टूटे हुए पत्थरों, जाल और शौचालयों की मरम्मत कराई जाए ताकि हरिद्वार आने वाले श्रद्धालुओं को स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण मिल सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button