उत्तराखंडहरिद्वार

खानपुर पुलिस ने अवैध असलहा सप्लायर को दबोचा, भारी मात्रा में तमंचे और कारतूस बरामद

 

हरिद्वार। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह के निर्देश पर जनपद में चलाए जा रहे सघन चेकिंग अभियान के तहत कोतवाली खानपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने अवैध असलहों की सप्लाई करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से भारी मात्रा में अवैध शस्त्र और कारतूस बरामद किए हैं, जबकि मोटरसाइकिल चालक मौके से फरार हो गया।

पुलिस के अनुसार 27/28 मार्च 2026 की रात थाना खानपुर पुलिस उत्तर प्रदेश के बिजनौर सीमा क्षेत्र में आपराधिक गतिविधियों की रोकथाम के लिए सघन चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान बिना नंबर प्लेट की एक संदिग्ध मोटरसाइकिल दिखाई दी। पुलिस को देखते ही चालक ने बाइक की रफ्तार तेज कर दी और भागने का प्रयास किया।

इस पर पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए बैरियर लगाकर मोटरसाइकिल को रोकने का प्रयास किया। आवश्यक बल प्रयोग के दौरान बाइक की पिछली सीट पर बैठा व्यक्ति नीचे गिर गया, जिसे पुलिस ने मौके पर ही दबोच लिया। हालांकि चालक अंधेरे का फायदा उठाकर फरार होने में सफल रहा।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान शमशेर पुत्र महमूद, निवासी ग्राम करणपुर, थाना खानपुर, जनपद हरिद्वार, उम्र 40 वर्ष के रूप में हुई है। आरोपी के कब्जे से 3 देशी तमंचे (.315 बोर), 1 देशी तमंचा (12 बोर) तथा 40 जिंदा कारतूस (12 बोर) बरामद किए गए हैं।

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह अवैध असलहे पुरकाजी, जनपद मुजफ्फरनगर (उत्तर प्रदेश) से लाया था और थाना पथरी क्षेत्र में सप्लाई करने जा रहा था। पुलिस को यह भी जानकारी मिली है कि पूर्व में भी पथरी क्षेत्र में ऐसे अवैध तमंचों की बिक्री की जा चुकी है।

मामले में कोतवाली खानपुर में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है। फरार आरोपी की तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है और पूरे नेटवर्क की बारीकी से जांच की जा रही है।

इस कार्रवाई में चौकी प्रभारी गोवर्धनपुर उपनिरीक्षक नवीन नेगी, अपर उपनिरीक्षक बिजेन्द्र सिंह, हेड कांस्टेबल भीम सिंह और कांस्टेबल वसीम (CIU हरिद्वार) की टीम शामिल रही।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button