उत्तराखंडहरिद्वार

हरिद्वार में आम आदमी पार्टी की बैठक, परिवर्तन यात्रा की तैयारी तेज

 

हरिद्वार, 21 जून। आम आदमी पार्टी उत्तराखंड की प्रदेश अध्यक्ष श्रीमती उमा गौर सिसोदिया रविवार को हरिद्वार पहुंचीं, जहां पार्टी कार्यकर्ताओं ने उनका गर्मजोशी के साथ स्वागत किया। स्वागत कार्यक्रम के बाद हरिद्वार जिले की संगठनात्मक बैठक आयोजित की गई, जिसमें जिले की कार्यकारिणी के गठन एवं संगठन विस्तार को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।

बैठक में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने अपने सुझाव रखे। प्रदेश अध्यक्ष उमा गौर सिसोदिया ने सभी कार्यकर्ताओं से संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी आगामी चुनाव पूरी मजबूती और तैयारी के साथ लड़ेगी तथा इसके लिए अभी से व्यापक स्तर पर जनसंपर्क और संगठन विस्तार का कार्य किया जा रहा है।

उमा गौर सिसोदिया ने कहा कि उत्तराखंड की जनता बदलाव चाहती है और आम आदमी पार्टी प्रदेश में एक मजबूत विकल्प के रूप में उभर रही है। उन्होंने बताया कि पार्टी जल्द ही पूरे उत्तराखंड में जनता से सीधा संवाद स्थापित करने के उद्देश्य से “परिवर्तन यात्रा” की शुरुआत करेगी। इस यात्रा के माध्यम से जनता की समस्याओं को सुना जाएगा और उनके समाधान के लिए पार्टी का विजन लोगों के सामने रखा जाएगा।

उन्होंने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर पार्टी की नीतियों और जनहित के मुद्दों को घर-घर तक पहुंचाने का आह्वान किया। बैठक में संगठन को और अधिक सक्रिय एवं मजबूत बनाने को लेकर कई महत्वपूर्ण सुझावों पर भी चर्चा हुई। कार्यकर्ताओं ने आगामी कार्यक्रमों को सफल बनाने का संकल्प लेते हुए पार्टी नेतृत्व को पूर्ण समर्थन देने का भरोसा दिलाया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button