
यूपीसीएल पर भड़के जिलाध्यक्ष संजीव नैय्यर, बोले- जबरन मीटर लगाए तो हाईकोर्ट तक जाएंगे
हरिद्वार। शिवालिक क्षेत्र में स्मार्ट मीटर लगाने का विरोध करने वाले एक व्यापारी पर यूपीसीएल की ओर से मुकदमा दर्ज किए जाने के बाद व्यापारियों में नाराजगी बढ़ गई है। प्रांतीय उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के जिलाध्यक्ष संजीव नैय्यर ने इस कार्रवाई को व्यापारियों की आवाज दबाने का प्रयास बताते हुए कड़ा विरोध जताया है। उन्होंने कहा कि किसी भी व्यापारी का उत्पीड़न बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और जरूरत पड़ी तो मामला हाईकोर्ट तक ले जाया जाएगा।
संजीव नैय्यर ने कहा कि केंद्र सरकार के ऊर्जा मंत्री और उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी पहले ही स्पष्ट कर चुके हैं कि किसी भी उपभोक्ता की सहमति के बिना स्मार्ट मीटर नहीं लगाया जाएगा। इसके बावजूद यदि यूपीसीएल जबरन स्मार्ट मीटर लगाने का प्रयास करता है और विरोध करने वाले व्यापारियों पर मुकदमे दर्ज करता है तो व्यापार मंडल इसका पुरजोर विरोध करेगा।
उन्होंने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री के पास ऊर्जा विभाग भी है। यदि जबरन स्मार्ट मीटर लगाने की कार्रवाई जारी रही तो व्यापारियों का एक प्रतिनिधिमंडल मुख्यमंत्री से मिलकर पूरे मामले से अवगत कराएगा और हस्तक्षेप की मांग करेगा।
जिलाध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि जो व्यापारी अपनी इच्छा से स्मार्ट मीटर लगवाना चाहते हैं, उन्हें संगठन की ओर से कोई आपत्ति नहीं है। लेकिन किसी भी व्यापारी या उपभोक्ता पर दबाव बनाकर स्मार्ट मीटर लगाने की कार्रवाई स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि यदि जरूरत पड़ी तो व्यापार मंडल इस मामले में हाईकोर्ट की शरण लेने से भी पीछे नहीं हटेगा।
संजीव नैय्यर ने कहा कि व्यापारी देश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं और उनके साथ किसी भी प्रकार का उत्पीड़न स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने यूपीसीएल से व्यापारी पर दर्ज मुकदमा तत्काल वापस लेने और उपभोक्ताओं की सहमति के बिना स्मार्ट मीटर लगाने की कार्रवाई पर रोक लगाने की मांग की। साथ ही चेतावनी दी कि यदि व्यापारियों का उत्पीड़न जारी रहा तो व्यापार मंडल आंदोलन की रूपरेखा तैयार कर व्यापक स्तर पर विरोध करेगा।



