उत्तराखंडहरिद्वार

कांवड़ियों के लिए चिकित्सा सेवा बनी सहारा, दवा शिविर के साथ मौके पर पहुंची चलित मेडिकल टीम

 

यूबीओए ने कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को उपलब्ध कराई चिकित्सा सहायता, चिकित्सकों की सलाह पर बांटी गईं दवाएं

हरिद्वार। कांवड़ यात्रा-2026 के दौरान हरिद्वार पहुंचे शिवभक्तों को चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से यूनियन बैंक ऑफिसर्स एसोसिएशन (यूबीओए) उत्तर प्रदेश, सी एंड डब्ल्यू एवं उत्तराखंड की ओर से विशेष चिकित्सा सेवा एवं सहायता कार्यक्रम आयोजित किया गया। विनय श्रीवास्तव, प्रवीण मिश्रा और लक्ष्मण सिंह के मार्गदर्शन में आयोजित इस अभियान के माध्यम से कांवड़ियों और स्थानीय लोगों को जरूरत के समय चिकित्सा परामर्श, दवाएं और प्राथमिक स्तर की स्वास्थ्य सहायता उपलब्ध कराई गई।

कार्यक्रम को दो चरणों में संचालित किया गया। पहले चरण में स्वामी भूमानंद मल्टी-स्पेशलिटी हॉस्पिटल के सहयोग से विशेष औषधि शिविर लगाया गया। शिविर में कांवड़ियों और जरूरतमंद लोगों की स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं को सुना गया। चिकित्सकों ने जांच और परामर्श के बाद जरूरत के अनुसार दवाएं उपलब्ध कराईं। दवाओं का वितरण चिकित्सकों की सलाह और पर्चे के आधार पर किया गया।

इसके बाद दूसरे चरण में चलित चिकित्सा सहायता अभियान शुरू किया गया। इसके तहत चिकित्सा टीम वाहन के माध्यम से अलग-अलग स्थानों पर पहुंची और कांवड़ियों को मौके पर ही आवश्यक स्वास्थ्य सहायता उपलब्ध कराई। यात्रा के दौरान पैदल लंबी दूरी तय करने वाले श्रद्धालुओं को थकान, शरीर में दर्द, घुटने की समस्या, मामूली चोट और अन्य सामान्य परेशानियों का सामना करना पड़ता है। ऐसे कांवड़ियों को जरूरत के अनुसार घुटने की पट्टी, दर्द निवारक स्प्रे, दर्द निवारक ट्यूब और आवश्यक गोलियां उपलब्ध कराई गईं।

चलित चिकित्सा सेवा का उद्देश्य यह था कि स्वास्थ्य संबंधी छोटी समस्याओं के लिए कांवड़ियों को दूर तक न जाना पड़े और उन्हें यात्रा मार्ग पर ही प्राथमिक सहायता मिल सके। इससे श्रद्धालुओं को काफी सुविधा मिली। सेवा अभियान के दौरान टीम ने लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने और आवश्यकता पड़ने पर चिकित्सकीय सलाह लेने के लिए भी प्रेरित किया।

सेवा कार्य में सहयोग के लिए जताया आभार

कार्यक्रम के सफल संचालन में गोपाल मौर्या, अनिल कुमार गुप्ता, शिवम राजपूत, राजेश कुमार, अमित चौहान, चिकित्सकों, नर्सिंग स्टाफ और स्वामी भूमानंद मल्टी-स्पेशलिटी हॉस्पिटल की टीम का विशेष योगदान रहा। आयोजकों ने सभी सहयोगियों के प्रति आभार जताते हुए कहा कि कांवड़ यात्रा जैसे बड़े धार्मिक आयोजन में श्रद्धालुओं की सेवा करना सामाजिक जिम्मेदारी के साथ-साथ मानव सेवा का भी महत्वपूर्ण कार्य है।

यूबीओए सी एंड डब्ल्यू एवं उत्तराखंड के उप महामंत्री शोभित शर्मा ने कहा कि संस्था की ओर से कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को स्वास्थ्य संबंधी सहायता उपलब्ध कराने का प्रयास किया गया। दवा शिविर और चलित चिकित्सा सेवा के माध्यम से जरूरतमंद लोगों तक सहायता पहुंचाने का उद्देश्य पूरा हुआ। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी समाजसेवा और जनकल्याण से जुड़े ऐसे कार्यक्रमों को जारी रखा जाएगा।

कार्यक्रम के दोनों चरण सफलतापूर्वक संपन्न होने के साथ कांवड़ यात्रा-2026 के दौरान आयोजित चिकित्सा सेवा एवं सहायता अभियान का समापन किया गया। आयोजकों ने सभी सहयोगियों और सेवा में जुटी टीम का आभार व्यक्त किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button