उत्तराखंडहरिद्वार

मां मनसा देवी के दर्शन मात्र से होता है भक्तों का कल्याण: श्रीमहंत डॉ. रविंद्र पुरी

शारदीय नवरात्र पर देश-प्रदेश के कल्याण के लिए विशेष अनुष्ठान, मंदिर की व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर श्रद्धालुओं की सुविधा पर दिया जोर

हरिद्वार। शारदीय नवरात्र के पावन अवसर पर विल्व पर्वत पर विराजमान मां मनसा देवी के दरबार में श्रद्धा और भक्ति का माहौल बना हुआ है। देश और प्रदेश के कल्याण की कामना के साथ मंदिर में विशेष अनुष्ठान किए जा रहे हैं। नवरात्र के पहले दिन अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद एवं श्री मनसा देवी मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष श्रीमहंत डॉ. रविंद्र पुरी ने मां भगवती मनसा देवी की विशेष पूजा-अर्चना कर आरती की और देश-प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की।

पूजा-अर्चना के बाद श्रीमहंत डॉ. रविंद्र पुरी ने मंदिर परिसर का निरीक्षण किया। उन्होंने श्रद्धालुओं की सुविधा, स्वच्छता और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते हुए कर्मचारियों को आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नवरात्र के दौरान मां के दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। ऐसे में यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। मंदिर परिसर में साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखा जाए और दर्शन व्यवस्था को सुचारु बनाए रखा जाए।

श्रीमहंत डॉ. रविंद्र पुरी ने कहा कि मां मनसा देवी भक्तों की मनोकामनाएं पूर्ण करने वाली देवी के रूप में पूजनीय हैं। मान्यता है कि सच्चे मन से मां के दरबार में आने वाले श्रद्धालुओं को उनकी कृपा प्राप्त होती है। मां के दर्शन मात्र से भक्तों को आध्यात्मिक शांति और कल्याण की अनुभूति होती है। नवरात्र में मां भगवती की आराधना का विशेष महत्व है। इन दिनों की गई पूजा-अर्चना से भक्तों में नई ऊर्जा, श्रद्धा और सकारात्मकता का संचार होता है।

उन्होंने कहा कि नवरात्र के दौरान मंदिर में आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना प्राथमिकता है। सुरक्षा की दृष्टि से मंदिर परिसर में 64 कैमरों के माध्यम से निगरानी की व्यवस्था की गई है। कर्मचारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे अपनी जिम्मेदारियों का पूरी तत्परता से निर्वहन करें, ताकि श्रद्धालु शांतिपूर्ण वातावरण में मां के दर्शन कर सकें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button