उत्तराखंडराजनीतिहरिद्वार

रवासन नदी पर पुल निर्माण को मिली मंजूरी, लालढांग के ग्रामीणों में खुशी

रसूलपुर गोट से गांधी चौक तक आवागमन होगा आसान, ग्रामीणों ने विधायक अनुपमा रावत और कांग्रेस प्रदेश सचिव गुरजीत लहरी का स्वागत कर जताया आभार

 

हरिद्वार। रवासन नदी पर लोहे का पुल बनने का रास्ता साफ होने से लालढांग क्षेत्र के ग्रामीणों की वर्षों पुरानी उम्मीद अब पूरी होने की ओर बढ़ गई है। पुल निर्माण को वित्तीय स्वीकृति मिलने से क्षेत्र में खुशी का माहौल है। रसूलपुर गोट से गांधी चौक तक आवागमन सुगम बनाने वाली इस परियोजना को क्षेत्र के विकास के लिहाज से अहम माना जा रहा है। इसी खुशी में मंगलवार को लालढांग गांधी चौक पर ग्रामीणों ने क्षेत्रीय विधायक अनुपमा रावत और कांग्रेस के प्रदेश सचिव एवं पूर्व जिला पंचायत सदस्य गुरजीत लहरी का स्वागत कर आभार जताया।

रवासन नदी पर पुल नहीं होने के कारण ग्रामीणों को लंबे समय से आवागमन में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। दैनिक जरूरतों, स्थानीय बाजारों और जरूरी सेवाओं तक पहुंचने में होने वाली दिक्कतों के चलते क्षेत्रवासी लगातार पुल निर्माण की मांग उठा रहे थे। अब वित्तीय स्वीकृति मिलने से इस समस्या के स्थायी समाधान की उम्मीद जगी है।

पुल का निर्माण होने से रसूलपुर गोट और आसपास के गांवों के लोगों को आवागमन में बड़ी राहत मिलने की संभावना है। इससे ग्रामीणों का समय बचेगा और स्थानीय व्यापारिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिल सकता है। साथ ही क्षेत्र के सामाजिक और आर्थिक विकास को गति मिलने की उम्मीद है।

पूर्व जिला पंचायत सदस्य एवं कांग्रेस प्रदेश सचिव गुरजीत लहरी ने कहा कि रवासन नदी पर पुल निर्माण क्षेत्र की महत्वपूर्ण जरूरत रही है। ग्रामीण लंबे समय से इसके निर्माण की मांग कर रहे थे। वित्तीय स्वीकृति मिलना क्षेत्रवासियों के लिए राहत की खबर है। उम्मीद है कि निर्माण प्रक्रिया जल्द शुरू होगी और लोगों को इस सुविधा का लाभ मिलेगा।

ग्रामीणों ने पुल निर्माण के लिए किए गए प्रयासों पर विधायक अनुपमा रावत का आभार जताया। अब क्षेत्रवासियों को निर्माण कार्य शुरू होने और पुल जल्द तैयार होने का इंतजार है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button