
*बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत विकास भवन सभागार में आयोजित हुआ जागरूकता कार्यक्रम*
*बाल विवाह की सूचना चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 पर दें, पीड़ितों को कानूनी सहायता उपलब्ध कराने के लिए डीएलएसए प्रतिबद्ध*
*हरिद्वार, 25 नवंबर 2026*
बाल विवाह कानूनन अपराध है। इसे रोकने के लिए प्रत्येक नागरिक को अपनी सामाजिक जिम्मेदारी तय करनी होगी। परिवार में किसी भी निर्णय में महिलाओं की भागीदारी सुनिश्चित होनी चाहिए। बाल विवाह से न केवल महिलाओं के अधिकार प्रभावित होते हैं, बल्कि उनके विरुद्ध होने वाली हिंसा की घटनाओं में भी वृद्धि होती है। यह बात मुख्य विकास अधिकारी हरिद्वार डॉ. ललित नारायण मिश्र ने बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत विकास भवन सभागार में आयोजित एक कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि कही।
कार्यक्रम में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव एवं सिविल जज डॉ. सिमरनजीत कौर ने बाल विवाह रोकने के लिए आम जनमानस से आगे आने की अपील की। उन्होंने चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 पर शिकायत करने तथा इस प्रकार की घटनाओं को रोकने के लिए सभी को सजग रहने की बात कही। साथ ही उन्होंने आश्वस्त किया कि इस संबंध में हर प्रकार की कानूनी सहायता उपलब्ध कराने के लिए जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (DLSA) आपके साथ है।
जिला प्रोबेशन अधिकारी हरिद्वार अविनाश भदौरिया ने कहा कि बाल विवाह बच्चों की शिक्षा, स्वास्थ्य एवं भविष्य के लिए नुकसानदायक है। उन्होंने कहा कि बच्चों को बचपन देने के लिए समाज के प्रत्येक व्यक्ति को जागरूक होना होगा। बाल विवाह रोकना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
कार्यक्रम में बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत सीडब्ल्यूसी के अध्यक्ष द्वारा समिति की कार्यशैली एवं विभिन्न उदाहरणों के माध्यम से बाल विवाह रोकने के लिए किए जा रहे प्रयासों पर विस्तार से प्रकाश डाला गया। कार्यक्रम में श्रीमती विनीता मेहता, श्रीमती नीलम एवं श्रीमती प्रतिभा ने अपने विचार साझा किए। इस दौरान बाल विवाह के विषय पर केंद्रित दो लघु फिल्में भी दिखाई गईं।
कार्यक्रम में बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत सभी विकासखंडों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाने तथा इनमें आम जनमानस की भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। इस मौके पर बाल विवाह रोके जाने के बाद बालिकाओं की स्थिति पर भी चर्चा की गई। बताया गया कि बाल विवाह से बचाई गई बालिकाओं को अपने जीवन को सुरक्षित एवं बेहतर बनाने के लिए निरंतर सहयोग और मार्गदर्शन की आवश्यकता होती है।
कार्यक्रम में सीडब्ल्यूसी एवं संबंधित विभागों द्वारा चाइल्ड हेल्पलाइन तथा वन स्टॉप सेंटर के माध्यम से दी जाने वाली सहायता एवं सेवाओं की जानकारी भी दी गई।
इस अवसर पर सिद्धांत, रोहित, विनिता, विक्रांत, ज्ञानेंद्र ,मीनाक्षी सहित अन्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन श्रीमती संतोष रावत द्वारा किया गया।



