उत्तराखंडहरिद्वार

अमित शाह के दौरे के विरोध में कांग्रेस का प्रदर्शन, काले झंडे दिखाने जा रहे कार्यकर्ता गिरफ्तार

 

हरिद्वार। जिला महानगर कांग्रेस कमेटी हरिद्वार के नेतृत्व में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के हरिद्वार दौरे के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। काले झंडे दिखाने जा रहे कांग्रेस कार्यकर्ताओं को पुलिस ने तुलसी चौक पर रोकते हुए गिरफ्तार कर लिया।

विरोध प्रदर्शन को संबोधित करते हुए जिला महानगर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष अमन गर्ग और स्वतंत्रता सेनानी उत्तराधिकारी प्रकोष्ठ के अध्यक्ष मुरली मनोहर ने कहा कि गृहमंत्री अमित शाह देवभूमि हरिद्वार की जनता को यह बताएं कि देश की संप्रभुता पर अमेरिका द्वारा हमला किए जाने के मुद्दे पर सरकार क्यों चुप है। उन्होंने कहा कि अंकिता भंडारी हत्याकांड में वीआईपी की गिरफ्तारी कब होगी और हरिद्वार धर्मनगरी में कथित रूप से नेताओं के संरक्षण में चल रही अवैध नशे की तस्करी पर सरकार क्या कार्रवाई कर रही है। उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती का अपमान क्यों किया जा रहा है।

वरिष्ठ नेता महेश प्रताप राणा और महानगर कांग्रेस महासचिव राजीव भार्गव ने आरोप लगाया कि गृहमंत्री की रैली में सरकारी तंत्र का दुरुपयोग किया गया। उनका कहना था कि निजी संस्थानों के कर्मचारियों को दबाव बनाकर रैली में लाया गया, जबकि आम जनता ने रैली से दूरी बनाए रखी।

पार्षद हिमांशु गुप्ता और पार्षद सोहित सेठी ने कहा कि रैली को सफल बनाने के लिए आंगनबाड़ी और आशा कार्यकत्रियों को भी भीड़ जुटाने में लगाया गया, जिससे स्पष्ट है कि प्रदेश की जनता भाजपा सरकार से नाराज है और वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में उसे सत्ता से बाहर करने का मन बना चुकी है।

यूथ कांग्रेस नेता उत्कर्ष वालिया और पूर्व यूथ कांग्रेस अध्यक्ष नितिन तेश्वर ने कहा कि अमित शाह को हरिद्वार विधायक मदन कौशिक की संपत्ति की जांच करानी चाहिए, जिससे यह स्पष्ट हो सके कि पिछले 24 वर्षों में उन्होंने कितनी संपत्ति अर्जित की है।

एनएसयूआई महानगर अध्यक्ष याज्ञिक वर्मा और वरिष्ठ नेता सीपी सिंह ने भी केंद्र सरकार पर सवाल उठाते हुए कहा कि गृहमंत्री को देश की जनता के सामने कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर जवाब देना चाहिए।

प्रदर्शन में यूथ कांग्रेस जिला महासचिव शुभम जोशी, आशु श्रीवास्तव, अरुण चौहान, सतेंद्र वर्मा, सत्यम शर्मा, वरिष्ठ नेता सीपी सिंह, सोनू शर्मा सहित अनेक कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button