
हरिद्वार। धर्मनगरी हरिद्वार में आस्था के नाम पर लोगों को भ्रमित कर ठगी करने वाले ढोंगी बाबाओं के खिलाफ हरिद्वार पुलिस का ऑपरेशन प्रहार लगातार असर दिखा रहा है। इसी क्रम में कोतवाली नगर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए साधु-संतों का भेष धारण कर घूम रहे 30 कालनेमि ढोंगी बाबाओं को गिरफ्तार किया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देश पर चलाए जा रहे इस अभियान का उद्देश्य ऐसे छद्म वेशधारियों पर शिकंजा कसना है, जो धर्म की आड़ में श्रद्धालुओं, खासकर महिलाओं और युवाओं को उनकी घरेलू व व्यक्तिगत समस्याओं का समाधान कराने का झांसा देकर ठगी करते हैं।
पुलिस अधीक्षक नगर एवं क्षेत्राधिकारी नगर के पर्यवेक्षण में कोतवाली नगर पुलिस ने थाना क्षेत्र में सघन अभियान चलाया। इस दौरान साधु-संतों के भेष में घूम रहे 30 संदिग्ध व्यक्तियों को पकड़कर धारा 172(2) BNSS के अंतर्गत गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार ये लोग देवभूमि में धर्म और आस्था का दुरुपयोग कर लोगों की भावनाओं से खिलवाड़ कर रहे थे।
हरिद्वार पुलिस ने स्पष्ट किया है कि देवभूमि की मर्यादा और श्रद्धालुओं की सुरक्षा बनाए रखने के लिए ऑपरेशन प्रहार आगे भी लगातार जारी रहेगा। धार्मिक वेशभूषा का सहारा लेकर ठगी और धोखाधड़ी करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।
इस कार्रवाई के बाद स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं ने पुलिस की तत्परता की सराहना की है। लोगों का कहना है कि ऐसे अभियानों से धर्म की आड़ में पनप रहे पाखंड और ठगी पर प्रभावी रोक लगेगी।



