उत्तराखंडदेहरादून

डीएवी पीजी कॉलेज छात्रसंघ समारोह में गूंजा युवा शक्ति का संदेश, सीएम धामी ने शिक्षा और रोजगार पर रखी बड़ी बात

देहरादून, शनिवार। डी०ए०वी० पीजी कॉलेज में आयोजित छात्रसंघ समारोह में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने युवाओं को संबोधित करते हुए उन्हें राष्ट्र निर्माण की सबसे बड़ी शक्ति बताया। उन्होंने कहा कि युवा केवल भविष्य नहीं, बल्कि वर्तमान के भी निर्माता हैं और उनकी ऊर्जा, संकल्प व नवाचार की सोच भारत को विकसित राष्ट्र बनाने में अहम भूमिका निभा रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि छात्र राजनीति नेतृत्व क्षमता, संगठन कौशल और सामाजिक उत्तरदायित्व विकसित करने का सशक्त मंच है।

उन्होंने अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद जैसे संगठनों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे मंच युवाओं में राष्ट्र सेवा, चरित्र निर्माण और सामाजिक चेतना का विकास करते हैं। महान समाज सुधारक स्वामी दयानंद सरस्वती के आदर्शों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल डिग्री तक सीमित नहीं, बल्कि व्यक्तित्व और राष्ट्र निर्माण भी है।

मुख्यमंत्री ने कहा प्रधानमंत्री के नेतृत्व में मेक इन इंडिया, डिजिटल इंडिया, स्टार्टअप इंडिया और स्किल इंडिया जैसी योजनाओं ने युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। राज्य सरकार नई शिक्षा नीति के तहत उच्च शिक्षण संस्थानों में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, मशीन लर्निंग जैसे आधुनिक पाठ्यक्रमों को बढ़ावा दे रही है। साइंस सिटी और एस्ट्रो पार्क जैसी परियोजनाओं के माध्यम से वैज्ञानिक अनुसंधान को नई गति मिल रही है।

उन्होंने बताया कि प्रदेश में 9 नए महाविद्यालय, 20 मॉडल कॉलेज, महिला छात्रावास, आईटी लैब और परीक्षा भवनों का निर्माण किया जा रहा है। शिक्षकों की कमी दूर करने के लिए नई भर्तियां की जा रही हैं। सख्त नकल विरोधी कानून के कारण भर्ती प्रक्रियाओं में पारदर्शिता आई है और पिछले चार वर्षों में 30 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां मिली हैं।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने डी०ए०वी० पीजी कॉलेज के अटल बिहारी वाजपेयी स्मृति शैक्षणिक ब्लॉक की छत पर दो अतिरिक्त तल निर्माण की घोषणा की। कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री खजान दास ,विधायक उमेश कुमार, प्राचार्य प्रो. कौशल कुमार, छात्रसंघ अध्यक्ष ऋषभ मल्होत्रा, महामंत्री करन नेगी सहित अनेक जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button