उत्तराखंडहरिद्वार

हरकी पैड़ी पर एक्स मुस्लिम पदयात्रा पहुंचने के बाद गरमाया विवाद, लगाए गंभीर आरोप 

 

हरिद्वार। यूपी के बिजनौर जिले से शुरू की गई एक्स मुस्लिम पदयात्रा हरिद्वार में हर की पैड़ी पर समाप्त हुई। रविवार को इस्लाम धर्म छोड़ने वाले दर्जनों एक्स मुस्लिम हर की पैड़ी के ब्रह्म कुंड पर पहुंचे और मां गंगा को प्रणाम किया। हरिद्वार में निकली पदयात्रा के दौरान सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस के जवानों की तैनाती भी रही। वहीं हरकी पैड़ी पर यात्रा में शामिल मुस्लिम समाज के लोगों पहुंचने पर इसका विरोध भी शुरू हो गया। श्री गंगा सभा के अध्यक्ष नितिन गौतम और तीर्थ उज्जवल पंडित ने आरोप लगाया कि झूठी परमिशन लेकर नियमों के विपरीत जाकर मुस्लिमों को हरकी पैड़ी क्षेत्र में घुमाया गया। उन्होंने ऐसा करने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई करने की चेतावनी दी। एक्स मुस्लिम पदयात्रा में दावा किया गया कि दर्जनों लोगों ने इस्लाम धर्म छोड़कर सनातन धर्म स्वीकार कर लिया है। वो हरकी पैड़ी पर पूजा अर्चना करना चाहते हैं।

यात्रा में शामिल हुए इमरोज आलम और अन्य कुछ इस्लाम धर्म छोड़ चुके लोगों ने इस्लाम को कट्टर धर्म बताया और हिंदुत्व अपनाकर घर वापसी की बात कही। उन्होंने कहा कि यात्रा का उद्देश्य है कि सनातन धर्म में आने के बाद उन पर किसी भी तरह की आंच न आए और न ही उन्हें प्रताड़ित किया जाए। रामविशाल दास महाराज ने कहा कि यात्रा में इस्लाम छोड़ने वाले कई लोग शामिल हैं। कई सनातन में आ गए हैं और कइयों ने इस्लाम छोड़ दिया। इस्लाम छोड़ने के बाद उनकी जान को खतरा बना हुआ है। इसलिए उनकी जान को खतरा न हो, समाज को जागरूक करने और अपने मूल धर्म, सनातन धर्म में आने के लिए जागरूक कर रहे हैं।

श्री गंगा सभा के अध्यक्ष ने दी मुकदमा दर्ज कराने की चेतावनी

पदयात्रा में संत रामविशाल दास महाराज समेत हिंदू संगठनों से जुड़े लोग और साधु संत भी शामिल हुए। ये पदयात्रा 11 अप्रैल को बिजनौर गंगा बैराज से शुरू हुई थी। हरकी पैड़ी पर यात्रा पहुंची तो, सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम भी थे। यात्रा में पुलिस बल तैनात रहा। लेकिन जैसे ही सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल हुए तो विरोध भी शुरू हो गया। श्री गंगा सभा के अध्यक्ष नितिन गौतम ने कहा कि उन्हें बताया गया था कि यात्रा में केवल इस्लाम छोड़कर सनातन धर्म अपनाने वाले हिंदू शामिल है, इसलिए उन्होंने इस फैसले का स्वागत किया। लेकिन वीडियो में हरकी पैड़ी पर कई लोग मुस्लिम टोपी लगाए हुए दिखाई दे रहें हैं, जिससे उन्हें आघात लगा है। हरकी पैड़ी क्षेत्र में बायलॉज के अनुसार मुस्लिम प्रवेश नहीं कर सकते। ऐसा करने वाले लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने रामविशाल दास महाराज को कांग्रेस नेता बताया और उन पर सनातन को कलंकित करने का आरोप भी लगाया। उन्होंने ऐसे लोगों का बहिष्कार कर कानूनी कार्रवाई करने की चेतावनी दी।

तीर्थ पुरोहित उज्जवल पंडित ने कहा कि यह एक प्रोपेगेंडा रचा गया है। झूठ बोलकर एक संत ने प्रशासन और श्री गंगा को भ्रमित किया। हरकी पैड़ी पर पहुंचे कई लोगों ने मुस्लिम टोपी लगाए हुई थी और अपना नाम भी मुस्लिम धर्म के अनुसार ही बताया। चेतावनी देते हुए कहा कि उनके द्वारा ऐसे कालनेमी संत के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया जाएगा। उन्होंने ऐसे संत के बहिष्कार की बात भी कही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button