उत्तराखंडहरिद्वार

हेडिंग: चारधाम यात्रा पंजीकरण केंद्र की तैयारियों का डीएम-एसएसपी ने लिया जायजा, आज शाम तक व्यवस्थाएं पूरी करने के निर्देश

 

हरिद्वार, 16 अप्रैल। चारधाम यात्रा को सुगम, सुरक्षित और सुव्यवस्थित ढंग से संचालित करने के उद्देश्य से ऋषिकुल मैदान में बनाए जा रहे यात्री पंजीकरण केंद्र का जिलाधिकारी मयूर दीक्षित और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर ने निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अधिकारियों ने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि ऑफलाइन पंजीकरण से जुड़ी सभी शेष व्यवस्थाएं हर हाल में आज देर शाम तक पूरी कर ली जाएं।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने जिला पर्यटन अधिकारी, संबंधित अधिकारियों और ठेकेदार को निर्देशित किया कि यात्रियों की सुविधा के लिए सीसीटीवी कैमरे, बैठने की समुचित व्यवस्था, पेयजल, कूलर, पर्याप्त पंखे, फायर सिस्टम, स्वच्छता और स्वास्थ्य सुविधाएं तत्काल सुनिश्चित की जाएं। साथ ही स्टैंड पोस्टों में जल निकासी और साफ-सफाई की बेहतर व्यवस्था रखने के भी निर्देश दिए गए।

डीएम ने पंजीकरण केंद्र पर तैनात कार्मिकों को यात्रियों के साथ शालीनता और मधुर व्यवहार बनाए रखने को कहा। उन्होंने निर्देश दिए कि लाइन में खड़े यात्रियों का प्राथमिकता के आधार पर पंजीकरण हो और किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न होने पाए। सभी कर्मचारियों को पहचान के लिए आईडी कार्ड जारी करने के भी निर्देश दिए गए।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर ने बताया कि कल से ऋषिकुल मैदान में यात्रियों का पंजीकरण कार्य शुरू कर दिया जाएगा। यात्रियों के लिए चमगादड़ टापू में होल्डिंग एरिया बनाया गया है। सुरक्षा व्यवस्था के तहत 07 अस्थायी पुलिस चौकियां, 10 पर्यटन पुलिस बूथ, एनडीआरएफ की 35 सदस्यीय टीम और एसडीआरएफ की दो टीमें तैनात की गई हैं। उन्होंने बताया कि यातायात को सुचारु रखने के लिए डायवर्जन प्लान भी तैयार कर लिया गया है।

जिला पर्यटन अधिकारी सुशील नौटियाल ने बताया कि ऑफलाइन पंजीकरण के लिए ऋषिकुल मैदान में 20 काउंटर स्थापित किए गए हैं, जबकि आधार से पंजीकरण न होने की स्थिति में थंब और फेस स्क्रीनिंग के लिए 2 अलग काउंटर बनाए गए हैं। इसके अलावा यात्रियों की सुविधा के लिए 15 मोबाइल टीमें भी तैनात की गई हैं, जो धर्मशालाओं और आश्रमों में ठहरे यात्रियों का पंजीकरण करेंगी।

निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी पी.आर. चौहान, सचिव एचआरडीए मनीष कुमार, उप जिलाधिकारी जितेंद्र कुमार, सिटी मजिस्ट्रेट कुश्म चौहान, एसीएमओ डॉ. अनिल कुमार गोयल, सीओ ट्रैफिक बिपेंद्र सिंह और लोनिवि के अधिशासी अभियंता दीपक कुमार सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button