उत्तराखंडहरिद्वार

मनसा देवी मंदिर के पुजारियों को मिले बिना जेब वाले वस्त्र, चढ़ावे में पारदर्शिता पर ट्रस्ट का बड़ा कदम

श्रीमहंत डॉ. रविंद्र पुरी बोले- श्रीकृष्ण जन्मभूमि कार सेवा को तैयार संत समाज, समय आने पर अखिलेश यादव को भी देंगे निमंत्रण

हरिद्वार। मनसा देवी मंदिर में दान और चढ़ावे की व्यवस्था को पूरी तरह पारदर्शी बनाने के लिए अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद एवं मनसा देवी मंदिर ट्रस्ट ने अहम पहल की है। परिषद अध्यक्ष एवं मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष श्रीमहंत डॉ. रविंद्र पुरी महाराज ने मंदिर के सभी पुजारियों को बिना जेब वाले वस्त्र वितरित किए। उन्होंने कहा कि मठ-मंदिरों में चढ़ावे को लेकर उठने वाले सवाल श्रद्धालुओं की आस्था को ठेस पहुंचाते हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए यह व्यवस्था लागू की गई है।

श्रीमहंत डॉ. रविंद्र पुरी ने कहा कि मंदिर में आने वाले दान और चढ़ावे का पूरा लेखा-जोखा पारदर्शिता के साथ रखा जाता है। यदि कोई भी व्यक्ति चढ़ावे में अनियमितता करते पाया गया तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने श्रद्धालुओं से दान की राशि की रसीद अवश्य लेने की अपील करते हुए कहा कि कुछ लोग पुराने भ्रामक वीडियो प्रसारित कर ट्रस्ट की छवि धूमिल करने का प्रयास कर रहे हैं, लेकिन इससे श्रद्धालुओं को भ्रमित होने की आवश्यकता नहीं है।

श्रीकृष्ण जन्मभूमि मथुरा में प्रस्तावित कार सेवा को लेकर श्रीमहंत डॉ. रविंद्र पुरी ने कहा कि संत समाज इसके लिए पूरी तरह तैयार है। केंद्र और राज्य सरकार से अनुमति मिलने तथा कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद कार सेवा शुरू की जाएगी। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार अयोध्या में भव्य राम मंदिर का निर्माण हुआ, उसी तरह मथुरा में भी भगवान श्रीकृष्ण का भव्य मंदिर बनना चाहिए। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम तय होने पर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को भी कार सेवा में शामिल होने का निमंत्रण दिया जाएगा।

इस दौरान श्रीमहंत डॉ. रविंद्र पुरी ने आगामी 30 जुलाई से शुरू होने वाले कांवड़ मेले की तैयारियों का जायजा लेते हुए मनसा देवी मंदिर परिसर और पैदल मार्ग का निरीक्षण किया तथा श्रद्धालुओं और कांवड़ यात्रियों की सुविधाओं के लिए आवश्यक व्यवस्थाओं के निर्देश भी दिए।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button