उत्तराखंडहरिद्वार

गुप्त नवरात्रि समापन पर प्राचीन हनुमान मंदिर में कन्या पूजन

महंत रवि पुरी महाराज ने विधि-विधान से किया कन्याओं का पूजन, श्रद्धालुओं ने लिया आशीर्वाद

हरिद्वार। गुप्त नवरात्रि के समापन अवसर पर हरिद्वार के प्राचीन हनुमान घाट स्थित प्राचीन हनुमान मंदिर में श्रद्धा, भक्ति और धार्मिक उल्लास के साथ कन्या पूजन का आयोजन किया गया। मंदिर में सुबह से ही श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। वैदिक मंत्रोच्चार और विधि-विधान के बीच मंदिर के व्यवस्थापक महंत रवि पुरी महाराज ने कन्याओं का पूजन कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। इसके बाद कन्याओं को भोजन कराया गया तथा फल, प्रसाद, वस्त्र और दक्षिणा भेंट कर सम्मानित किया गया।

महंत रवि पुरी महाराज ने कहा कि सनातन संस्कृति में कन्या को साक्षात मां भगवती का स्वरूप माना गया है। गुप्त नवरात्रि के समापन पर कन्या पूजन का विशेष महत्व बताया गया है। उन्होंने कहा कि श्रद्धा और विश्वास के साथ कन्याओं का पूजन करने से मां दुर्गा की कृपा प्राप्त होती है तथा परिवार में सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली का वास होता है। उन्होंने कहा कि हमारी धार्मिक परंपराएं समाज को संस्कार, सेवा और नारी सम्मान का संदेश देती हैं, जिन्हें आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाना हम सभी का दायित्व है।

उन्होंने श्रद्धालुओं से धार्मिक आयोजनों में बढ़-चढ़कर भाग लेने और सनातन संस्कृति के संरक्षण एवं संवर्धन में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि कन्या पूजन केवल एक धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि नारी शक्ति के सम्मान और समाज में सकारात्मक सोच को बढ़ावा देने का भी प्रतीक है।

पूजन के दौरान मंदिर परिसर पूरी तरह भक्तिमय वातावरण में सराबोर रहा। श्रद्धालुओं ने मां भगवती और भगवान हनुमान की विशेष पूजा-अर्चना कर परिवार, समाज, प्रदेश और देश की सुख-समृद्धि, शांति तथा विश्व कल्याण की कामना की। आयोजन के अंत में सभी श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु, स्थानीय नागरिक एवं मंदिर से जुड़े सेवक उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button