उत्तराखंडहरिद्वार

प्रतिभावान छात्र-छात्राओं को सम्मानित कर ‘सुप्रयास’ संस्था ने जगायी उम्मीद 

 

लक्ष्य निर्धारित कर आगे बढ़ें, सफलता अवश्य मिलेगी: वैभव गुप्ता (अपर जिलाधिकारी)

सुप्रयास’ का कार्य सराहनीय, देश का भविष्य संवार रहीं हैं संस्था : प्रो सुनील बत्रा

हरिद्वार, 27 जुलाई

जीवन में आगे बढ़ने के लिए अपना लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर प्रयास करें, सफलता निश्चय ही आपके कदम चूमेगी यह विचार अपर जिलाधिकारी (हरिद्वार) वैभव गुप्ता ने चेतन ज्योति आश्रम के सभागार में नगर की प्रतिष्ठित सामाजिक संस्था ‘सुप्रयास’ द्वारा आयोजित मेधावी छात्र-छात्रा सम्मान समारोह के दौरान व्यक्त किए।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अपर जिलाधिकारी ने कहा कि जब भी समाज में छात्र-छात्राओं को अवसर मिलता है, वे अपनी प्रतिभा से देश और समाज का बेहतर मार्गदर्शन करते हैं। उन्होंने पिछले दो दशकों से अधिक समय से आर्थिक रूप से कमजोर बच्चों को शिक्षा के अवसर उपलब्ध कराने के लिए ‘सुप्रयास’ संस्था के प्रयासों की मुक्तकंठ से सराहना की।

समारोह में मुख्य अतिथि एस.एम.जे.एन. (पी.जी.) कॉलेज के प्राचार्य प्रो. सुनील कुमार बत्रा ने कहा कि ‘सुप्रयास’ द्वारा किया जा रहा सामाजिक कार्य अत्यंत प्रेरणादायी है। आज सम्मानित होने वाले इन बच्चों में से ही भविष्य के वैज्ञानिक, चिकित्सक, राजनेता और समाजसेवी निकलकर देश की सेवा करेंगे। उन्होंने संस्था के पुरोधा डॉ. सत्यनारायण शर्मा के निस्वार्थ प्रयासों की प्रशंसा करते हुए कहा कि युवा पीढ़ी को उनके समाज सेवा के संकल्प से प्रेरणा लेनी चाहिए।

संस्था के संस्थापक महामंत्री एवं पूर्व सभासद डॉ. सत्यनारायण शर्मा ने संस्था का परिचय देते हुए बताया कि मात्र चार बच्चों से शुरू हुई यह यात्रा आज 35 बच्चों को मार्गदर्शन प्रदान कर रही है। संस्था “प्रयास आपका, सहयोग हमारा” के मूल मंत्र के साथ काम कर रही है।

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए संस्था के अध्यक्ष राजेंद्र नाथ गोस्वामी (एडवोकेट) ने कहा कि संस्था का मुख्य उद्देश्य समाज के आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों के मेधावी बच्चों को अपनी प्रतिभा निखारने का मंच और संसाधन उपलब्ध कराना है।

कार्यक्रम का सफल एवं सुचारू संचालन बिनु बलूनी द्वारा किया गया।

कार्यक्रम में मुख्य रूप से सामाजिक कार्यकर्ता ब्रजभूषण विद्यार्थी, दिनेश शर्मा, चंद्रशेखर कौशिक, मुकेश वार्ष्णेय, रतन मणि डोभाल, संदीप शास्त्री, दिनेश जोशी, कुलभूषण शर्मा, नीरज मंमगाई , अनुभव ,कौशल मित्तल, सी.ए. सारस्वत मित्तल, डॉ. श्वेता खंडूरी, इला शर्मा, हर्ष कालरा सहित बड़ी संख्या में अभिभावक, छात्र-छात्राएं एवं नगर के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button