उत्तराखंडहरिद्वार

राष्ट्रीय खेल दिवस पर प्रतिभाओं का सम्मान, खिलाड़ियों का बढ़ाया हौसला

 

मेजर ध्यानचंद को श्रद्धांजलि देकर शुरू हुआ प्रतिभा सम्मान समारोह, खेल जगत की उभरती प्रतिभाओं को मिला मंच

हरिद्वार। खेल के मैदान में पसीना बहाकर अपनी पहचान बनाने का सपना देख रहे युवा खिलाड़ियों के लिए राष्ट्रीय खेल दिवस का दिन यादगार बन गया। हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद की जयंती पर शनिवार को शिवडेल स्कूल, सेक्टर-1 रानीपुर भेल में आयोजित प्रतिभा सम्मान समारोह में उभरती खेल प्रतिभाओं को सम्मानित कर उनके सपनों को नई उड़ान देने का संदेश दिया गया। जिला बास्केटबॉल एसोसिएशन, शिवडेल स्कूल और गंगा स्पोर्ट्स फाउंडेशन के संयुक्त आयोजन में खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाने के लिए जनप्रतिनिधि, संत समाज और खेल जगत से जुड़े लोग एक मंच पर जुटे। अतिथियों ने कहा कि प्रतिभा को सही मंच, बेहतर प्रशिक्षण और समय पर प्रोत्साहन मिले तो हरिद्वार के खिलाड़ी भी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी मजबूत पहचान बना सकते हैं।

कार्यक्रम का शुभारंभ हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि देने के साथ हुआ। कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक सहित अन्य अतिथियों ने मेजर ध्यानचंद के योगदान को याद करते हुए खिलाड़ियों से उनके जीवन से प्रेरणा लेने का आह्वान किया।

समारोह में मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक ने कहा कि खेल युवाओं के सर्वांगीण विकास का मजबूत माध्यम हैं। खेलों से अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, टीम भावना और संघर्ष करने की शक्ति विकसित होती है। उन्होंने कहा कि प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को उचित मंच, सुविधाएं और सम्मान मिलना जरूरी है, ताकि वे अपनी प्रतिभा के बल पर प्रदेश और देश का नाम रोशन कर सकें।

विधायक आदेश चौहान ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के फिट इंडिया और खेलो इंडिया जैसे अभियानों से युवाओं में खेलों के प्रति नई जागरूकता और उत्साह पैदा हुआ है। ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में छिपी प्रतिभाओं को पहचानने और उन्हें आगे बढ़ाने के लिए समाज, शिक्षण संस्थानों और खेल संगठनों को मिलकर काम करना होगा।

शिवडेल स्कूल के अध्यक्ष स्वामी शरद पुरी ने कहा कि खेल केवल शारीरिक मजबूती का माध्यम नहीं हैं, बल्कि व्यक्ति के चरित्र, आत्मविश्वास और व्यक्तित्व का भी निर्माण करते हैं। युवा खिलाड़ी अनुशासन, मेहनत और निरंतर अभ्यास के बल पर बड़ी से बड़ी उपलब्धि हासिल कर सकते हैं।

डीपीएस रानीपुर के प्रधानाचार्य अनुपम जग्गा ने कहा कि हरिद्वार में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। जरूरत इन प्रतिभाओं को समय पर पहचानने और बेहतर अवसर उपलब्ध कराने की है। युवाओं को खेलों से जोड़ने के लिए नगर स्तर पर भी निरंतर प्रयास किए जाएंगे।

जिला बास्केटबॉल एसोसिएशन के अध्यक्ष ललित नैय्यर ने कहा कि खिलाड़ियों को सम्मान मिलने से उनका मनोबल बढ़ता है और अन्य युवा भी खेलों के प्रति प्रेरित होते हैं। खेल प्रतिभाओं को बेहतर प्रशिक्षण और सुविधाएं उपलब्ध कराना समय की आवश्यकता है।

जिला बास्केटबॉल एसोसिएशन के चेयरमैन रवि बजाजने कहा कि प्रतिभा को सही दिशा और उचित मंच मिलने पर युवा राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर तक अपनी पहचान बना सकते हैं। ऐसे सम्मान समारोह खिलाड़ियों के भीतर नई ऊर्जा पैदा करने के साथ ही उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करते हैं।

इस दौरान विभिन्न खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले युवा खिलाड़ियों को सम्मानित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में खिलाड़ी, अभिभावक और खेल प्रेमी मौजूद रहे। अतिथियों ने खिलाड़ियों से खेल भावना को जीवन का हिस्सा बनाने और मेहनत के साथ अपने लक्ष्य की ओर आगे बढ़ने का आह्वान किया।

इस अवसर पर शिवडेल स्कूल भेल के प्रधानाचार्य पुनीत श्रीवास्तव, जिला बास्केटबॉल एसोसिएशन के सचिव संजय चौहान, भाजपा के प्रदेश मीडिया सह-संयोजक विकास तिवारी, भाजपा जिला उपाध्यक्ष आशु चौधरी, मयंक भजोराम शर्मा,अजय मालिक,दीपांशु विद्यार्थी,डॉक्टर हरीश,प्रदेश सचिव मनदीप ग्रेवाल ,अर्श नैय्यर सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button