उत्तराखंडहरिद्वार

भूपतवाला में पार्किंग स्थल का होगा निरीक्षण, पेयजल और शौचालय की व्यवस्था का आश्वासन

 

धर्मशाला प्रबंधक सेवा समिति ने एचआरडीए सचिव से उठाई श्रद्धालुओं की परेशानी, मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग

हरिद्वार। भूपतवाला क्षेत्र में फ्लाईओवर के नीचे पार्किंग की व्यवस्था तो है, लेकिन स्वच्छ पेयजल और शौचालय जैसी बुनियादी सुविधाओं का अभाव श्रद्धालुओं और वाहन चालकों के लिए परेशानी का कारण बना हुआ है। धार्मिक नगरी में देशभर से आने वाले यात्रियों की सुविधा को देखते हुए हरिद्वार धर्मशाला प्रबंधक सेवा समिति ने हरिद्वार-रुड़की विकास प्राधिकरण (एचआरडीए) के सचिव प्रत्यूष सिंह से समस्या के समाधान की मांग की। सचिव ने समिति के पदाधिकारियों को पार्किंग स्थल का निरीक्षण कराकर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।

समिति ने ज्ञापन के माध्यम से बताया कि भूपतवाला क्षेत्र में बड़ी संख्या में श्रद्धालु और यात्री पहुंचते हैं। पार्किंग स्थल पर पेयजल और शौचालय की समुचित व्यवस्था नहीं होने से उन्हें असुविधा होती है। समिति ने संबंधित अधिकारियों से स्थल का निरीक्षण कर सुविधाओं की कमी दूर करने की मांग की।

समिति के अध्यक्ष महंत भीमसेन ने कहा कि श्रद्धालुओं को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना जरूरी है। पार्किंग स्थल पर पेयजल और शौचालय की व्यवस्था होने से यात्रियों को राहत मिलेगी।

महामंत्री मनोज बिष्ट ने कहा कि भूपतवाला में यात्रियों की आवाजाही लगातार बनी रहती है। ऐसे में पार्किंग स्थल पर आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए संबंधित विभाग को जल्द कदम उठाने चाहिए।

कोषाध्यक्ष सोनू शर्मा ने कहा कि समिति जनहित से जुड़े इस मुद्दे को प्राधिकरण के समक्ष रख रही है। उम्मीद है कि निरीक्षण के बाद समस्याओं का जल्द समाधान होगा।

इस दौरान डॉ. हर्षवर्धन जैन, सुनील तिवारी, विनोद मिश्रा, राजेश कुमार, भूमन चंद, वीरेंद्र, महेश गौड़, राजवीर शर्मा, सुमित बड़ोला, कपिल श्रीवास्तव और सुन्नी कुमार उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button