उत्तराखंडहरिद्वार

भीमगोड़ा कुंड के सौंदर्यीकरण के लिए चार करोड़ जारी करने पर श्री जी ट्रस्ट ने मेलाधिकारी का स्वागत कर दिया धन्यवाद 

 

हरिद्वार। कुंभ मेले से पहले पौराणिक भीमगोड़ा कुंड को संवारने के लिए सौंदर्यीकरण के लिए चार करोड़ रुपये जारी होने के बाद स्थानीय लोगों और श्रीजी ट्रस्ट के पदाधिकारियों ने मेलाधिकारी सोनिका से मुलाकात कर उनका आभार जताया। साथ ही कुंड के विकास को लेकर पूर्व में दिए गए सुझावों पर जल्द कार्रवाई करने की मांग की। श्रीजी ट्रस्ट की संस्थापक अध्यक्ष दिव्या चौधरी के नेतृत्व में पहुंचे पदाधिकारियों ने 29 सितंबर 2026 को सौंपे गए सुझावों पर मेलाधिकारी से विस्तार से चर्चा की।

पदाधिकारियों ने कहा कि भीमगोड़ा कुंड धार्मिक और ऐतिहासिक महत्व रखने वाला प्रमुख स्थल है। कुंभ मेले के दौरान यहां बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं का आवागमन रहता है। ऐसे में कुंड का सौंदर्यीकरण, साफ-सफाई और श्रद्धालुओं के लिए जरूरी सुविधाओं का विस्तार किया जाना आवश्यक है। मेलाधिकारी सोनिका ने सुझावों का स्वागत करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि प्रस्ताव पर आगे की कार्रवाई के लिए हरिद्वार-रुड़की विकास प्राधिकरण (एचआरडीए) के सचिव से भी बातचीत की जाएगी। ट्रस्ट की संस्थापक अध्यक्ष दिव्या चौधरी ने उम्मीद जताई कि प्रशासन जल्द ही इस दिशा में सकारात्मक कदम उठाएगा। इस दौरान सोनिया मोहन, एडवोकेट गीता अडलक्खा, कनिका गुप्ता, सीता बडोनी, सुनीता शर्मा, नीना मिश्रा, उमा गिरी, आयुष्मती पुरोहित, निर्मला देवी, अंजू दत्त, पार्षद सुमित चौधरी, लखन लाल चौहान, सुशील कंडवाल, मुकेश अग्रवाल, अभिषेक गुप्ता, गणेश मिश्रा, हरिमोहन वर्मा और प्रशांत शर्मा आदि मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button