उत्तराखंडहरिद्वार

करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था का महापर्व है कुंभ मेला : श्रीमहंत डॉ रविंद्र पुरी

 

भव्य और दिव्य कुंभ के आयोजन में अखाड़ों की रहेगी अहम भूमिका : सत्यगिरी

अखाड़े धर्म रक्षा के साथ हिंदू समाज को एकजुट करने का निभा रहे दायित्व, कुंभ में संतों के दर्शन से मिलेगा आध्यात्मिक मार्गदर्शन

हरिद्वार, 20 नवंबर। हरिद्वार में अगले वर्ष आयोजित होने वाले कुंभ मेले को लेकर अखाड़ों में तैयारियां तेज होने लगी हैं। कुंभ मेले की व्यवस्थाओं और अखाड़ों की भूमिका को लेकर आह्वान अखाड़े के महामंत्री श्रीमहंत सत्यगिरी ने निरंजनी अखाड़ा पहुंचकर अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद एवं श्री मनसा देवी मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष श्रीमहंत डॉ. रविंद्र पुरी महाराज से भेंटवार्ता की। इस दौरान दोनों संतों के बीच कुंभ मेले की तैयारियों, संत समागम और श्रद्धालुओं को मिलने वाली सुविधाओं को लेकर विस्तार से चर्चा हुई।

अखाड़ा परिषद अध्यक्ष श्रीमहंत डॉ. रविंद्र पुरी महाराज ने शॉल ओढ़ाकर और मां मनसा देवी की प्रतिमा भेंटकर श्रीमहंत सत्यगिरी का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि कुंभ मेला सनातन धर्म का सबसे बड़ा धार्मिक उत्सव है। कुंभ के दौरान देश-विदेश से करोड़ों श्रद्धालु हरिद्वार पहुंचकर मां गंगा में आस्था की डुबकी लगाते हैं। करोड़ों लोगों का एक साथ गंगा स्नान करना भारतीय संस्कृति और सनातन परंपरा की विराटता को दर्शाता है तथा समाज में समरसता और एकता का संदेश देता है।

श्रीमहंत रविंद्र पुरी ने कहा कि आदिगुरु शंकराचार्य ने धर्म की रक्षा और सनातन परंपराओं को मजबूत करने के लिए अखाड़ों की स्थापना की थी। आज अखाड़ों के संत-महापुरुष उसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए धर्म रक्षा के साथ हिंदू समाज को एकजुट करने का दायित्व निभा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि जनवरी से हरिद्वार कुंभ मेले का शुभारंभ हो रहा है। कुंभ के दौरान गंगा तट पर देशभर से संत-महापुरुषों का विशाल समागम होगा। संतों के प्रवचन, दर्शन और आशीर्वाद से श्रद्धालुओं के साथ ही पूरी दुनिया को सनातन संस्कृति और आध्यात्मिकता का संदेश मिलेगा।

श्रीमहंत सत्यगिरी ने कहा कि कुंभ मेले को भव्य और दिव्य स्वरूप प्रदान करने में अखाड़ों की महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी। देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं को गंगा स्नान के पुण्य लाभ के साथ संत-महापुरुषों के दर्शन और आशीर्वाद का अवसर मिलेगा। अखाड़ों की ओर से कुंभ के दौरान विभिन्न सेवा प्रकल्प भी संचालित किए जाएंगे, जिससे श्रद्धालुओं को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button