उत्तराखंडहरिद्वार

हिंदू समाज को सांस्कृतिक रूप से एकजुट करने का महत्वपूर्ण अवसर है कुंभ मेला : श्रीमहंत डॉ. रविंद्र पुरी

 

हरिद्वार, 19 नवंबर। विश्व हिंदू परिषद (विहिप) के राष्ट्रीय संरक्षक एवं राम जन्मभूमि मंदिर ट्रस्ट के ट्रस्टी रहे बड़े दिनेश जी, विहिप के संयुक्त केंद्रीय मंत्री हरिशंकर एवं राज्य मंत्री नितिन गौतम ने निरंजनी अखाड़ा पहुंचकर अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद एवं श्री मनसा देवी मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष श्रीमहंत डॉ. रविंद्र पुरी महाराज से भेंट की। इस दौरान कुंभ मेले की तैयारियों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।

श्रीमहंत डॉ. रविंद्र पुरी महाराज ने मां मनसा देवी का चित्र भेंट कर और शॉल ओढ़ाकर सभी अतिथियों का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि कुंभ मेला धार्मिक आयोजन के साथ-साथ हिंदू समाज को सांस्कृतिक रूप से एकजुट करने का महत्वपूर्ण अवसर भी है। कुंभ मेले के दौरान अखाड़ों के संत-महापुरुष समाज को धार्मिक मार्गदर्शन प्रदान करने के साथ सनातन संस्कृति और सामाजिक एकता के प्रति जागरूक भी करेंगे।

श्रीमहंत डॉ. रविंद्र पुरी महाराज ने कहा कि प्रयागराज की तर्ज पर सभी अखाड़ों और धार्मिक संस्थाओं के सहयोग से हरिद्वार कुंभ मेला दिव्य और भव्य स्वरूप में संपन्न होगा। उन्होंने कहा कि केंद्र और उत्तराखंड सरकार हरिद्वार कुंभ मेले में संतों और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए बेहतर व्यवस्थाएं कर रही हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी स्वयं कुंभ मेले के कार्यों पर नजर बनाए हुए हैं। कुंभ मेले के दौरान संत-महापुरुषों और श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए अखाड़ा परिषद कुंभ मेला प्रशासन से निरंतर संपर्क बनाए हुए है।

विहिप के राष्ट्रीय संरक्षक बड़े दिनेश जी ने कहा कि कुंभ मेला विश्व का सबसे बड़ा धार्मिक समागम और सनातन संस्कृति की विशिष्ट पहचान है। कुंभ मेले के दौरान विहिप की ओर से कई सेवा प्रकल्पों का आयोजन किया जाएगा।

विहिप के संयुक्त केंद्रीय मंत्री हरिशंकर एवं राज्य मंत्री नितिन गौतम ने कहा कि कुंभ मेले जैसे बड़े धार्मिक आयोजन में करोड़ों लोग शामिल होते हैं। इससे सामाजिक समरसता और एकता की भावना मजबूत होती है।

इस अवसर पर निरंजनी अखाड़े के सचिव श्रीमहंत रामरतन गिरि, महंत राज गिरि सहित कई संत-महंत मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button