उत्तराखंडहरिद्वार

आत्मबोध और आंतरिक शांति ही मानव जीवन का वास्तविक उद्देश्य : करौली शंकर दास

 

हरिद्वार। श्री करौली शंकर महादेव धाम, मिश्री मठ हरिद्वार, रायवाला और कानपुर में श्री श्री 1008 महामंडलेश्वर पूर्ण गुरु करौली शंकर दास जी महाराज का 62वां जन्मोत्सव श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में देश के विभिन्न राज्यों के अलावा अमेरिका, यूरोप और चेक गणराज्य सहित कई देशों से आए श्रद्धालुओं ने भाग लिया। वहीं, लाखों श्रद्धालु ऑनलाइन माध्यम से भी आयोजन से जुड़े।

मिश्री मठ आश्रम हरिद्वार में डॉ. उमेश सचान तथा कानपुर आश्रम में अनिरुद्ध शर्मा के संयोजन में गुरु पूजन, वैदिक मंत्रोच्चार, ध्यान साधना, आध्यात्मिक प्रवचन और आशीर्वाद सत्र आयोजित किए गए। पूरे धाम परिसर में भक्ति और आध्यात्मिक वातावरण बना रहा। श्रद्धालुओं ने धार्मिक अनुष्ठानों में भाग लेकर प्रसाद ग्रहण किया।

इस अवसर पर करौली शंकर दास जी महाराज ने कहा कि मानव जीवन का वास्तविक उद्देश्य आत्मबोध, आंतरिक शांति और आध्यात्मिक उन्नति है। उन्होंने कहा कि ध्यान, साधना और दृढ़ संकल्प के माध्यम से व्यक्ति अपने जीवन में सकारात्मक परिवर्तन ला सकता है। इससे मानसिक संतुलन, आत्मविश्वास और आध्यात्मिक जागरूकता का विकास होता है।

उन्होंने कहा कि मनुष्य का जन्म सामान्य घटना है, लेकिन उसके कर्म और आचरण ही उसे असाधारण बनाते हैं। श्रद्धालुओं का प्रेम और विश्वास धर्म एवं संस्कृति के संरक्षण तथा लोककल्याण के कार्यों को आगे बढ़ाने की प्रेरणा देता है।

संस्था के अनुसार करौली शंकर दास जी महाराज अपने प्रवचनों में प्राचीन भारतीय आध्यात्मिक परंपराओं को आधुनिक संदर्भ में प्रस्तुत करते हैं। स्मृति महाविज्ञान, शिव तंत्र और तंत्र क्रिया योग साधना के माध्यम से गृहस्थ जीवन जीने वाले लोगों को भी ध्यान, योग और वैदिक साधना से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है, जिससे वे संतुलित और अनुशासित जीवनशैली अपना सकें।

संस्था ने बताया कि पिछले कुछ वर्षों में धाम से जुड़े आध्यात्मिक कार्यक्रमों में देश-विदेश के श्रद्धालुओं की भागीदारी लगातार बढ़ी है। ऑनलाइन और ऑफलाइन माध्यमों से बड़ी संख्या में लोग नियमित रूप से ध्यान सत्रों और प्रवचनों से जुड़ रहे हैं। हाल ही में करौली शंकर दास जी महाराज को भारतीय आध्यात्मिक परंपरा, समाजसेवा और सांस्कृतिक मूल्यों के संरक्षण में योगदान के लिए भारत गौरव सम्मान से भी सम्मानित किया गया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button