उत्तराखंडहरिद्वार

ब्रह्मलीन संत बसंत सिंह को संत समाज ने किया नमन

 

13 अखाड़ों के संतों ने दी श्रद्धांजलि, धार्मिक परंपराओं और मानव सेवा में योगदान को किया याद

हरिद्वार। कनखल स्थित श्री पंचायती अखाड़ा निर्मल में आयोजित संत समागम एवं श्रद्धांजलि समारोह में ब्रह्मलीन संत बसंत सिंह महाराज की स्मृतियों को संत समाज ने नमन किया। 13 अखाड़ों के संतों की मौजूदगी में आयोजित समारोह में उन्हें तपस्वी, वीतरागी और मानव सेवा के प्रति समर्पित संत बताया गया। संतों ने कहा कि ब्रह्मलीन संत बसंत सिंह महाराज ने धार्मिक परंपराओं के संरक्षण के साथ समाज और मानवता की सेवा में महत्वपूर्ण योगदान दिया, जिसे संत समाज हमेशा याद रखेगा।

निर्मल कुटिया झोला जालंधर के वर्तमान महंत संत जसपाल सिंह की ओर से निर्मल कुटिया झोला के संस्थापक ब्रह्मलीन संत बसंत सिंह महाराज, संत ज्ञान सिंह महाराज और संत हरभजन सिंह की पुण्य स्मृति में संत समागम एवं श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। कार्यक्रम में गुरु ग्रंथ साहिब जी का भोग डाला गया और अरदास की गई।

श्री पंचायती अखाड़ा निर्मल के अध्यक्ष श्रीमहंत ज्ञानदेव सिंह महाराज की अध्यक्षता में हुए कार्यक्रम का संचालन कोठारी महंत जसविंदर सिंह शास्त्री ने किया। इस दौरान संतों ने ब्रह्मलीन संत बसंत सिंह महाराज को श्रद्धासुमन अर्पित किए।

श्रीमहंत ज्ञानदेव सिंह महाराज ने कहा कि ब्रह्मलीन संत बसंत सिंह महाराज तपस्वी और वीतरागी संत थे। उन्होंने अपना जीवन धार्मिक परंपराओं के संरक्षण के साथ मानवता की सेवा में समर्पित किया। उनका व्यक्तित्व और कृतित्व आज भी समाज के लिए प्रेरणादायी है।

उन्होंने कहा कि निर्मल कुटिया जौहरा जालंधर के वर्तमान महंत जसपाल सिंह अपने गुरु की स्मृतियों को संजोकर निर्मल समुदाय की सेवा परंपरा और आदर्शों को आगे बढ़ा रहे हैं।

कोठारी महंत जसविंदर सिंह शास्त्री ने कहा कि ब्रह्मलीन संत बसंत सिंह, संत ज्ञान सिंह और संत हरभजन सिंह निर्मल समुदाय के वरिष्ठ संत थे। उन्होंने धर्म और समाज की निरंतर सेवा की।

समारोह में महंत जगतार मुनि, महामंडलेश्वर अरुणदास, महंत सूरजदास, महंत रविदेव शास्त्री, महंत हरिहरानंद, महंत सुतिक्षण मुनि, महंत जमनादास, महंत दामोदरशरण, महंत खेम सिंह, महंत निर्भय सिंह, महंत वीर सिंह, महंत सुखमन सिंह, महंत गुरुपाल सिंह और महंत ज्ञानानंद सहित अनेक संत-महंत मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button