उत्तराखंडहरिद्वार

कुंभ तैयारियों में देरी पर होगी कार्रवाई

 

मंडलायुक्त ने किया स्थलीय निरीक्षण, घाटों के निर्माण और अस्थायी व्यवस्थाएं जल्द पूरी करने के निर्देश

हरिद्वार, 9 नवंबर। कुंभ-2027 की तैयारियों में अब किसी भी तरह की ढिलाई भारी पड़ेगी। मंडलायुक्त गढ़वाल आनंद स्वरूप ने सोमवार को हरिद्वार में विभिन्न निर्माण स्थलों का निरीक्षण कर अधिकारियों को घाटों के बचे निर्माण और सौंदर्यीकरण के काम जल्द पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने साफ कहा कि कार्यों में अनावश्यक देरी या लापरवाही मिलने पर संबंधित कार्यदायी संस्था के जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

मंडलायुक्त ने अटल बिहारी वाजपेयी राज्य अतिथि गृह, भगत सिंह चौक, अमरापुर घाट और नगर निगम घाट का निरीक्षण किया। उन्होंने घाटों के निर्माण के साथ साज-सज्जा और हरित क्षेत्र को व्यवस्थित करने के निर्देश दिए।

इसके बाद बैरागी कैंप, दक्षद्वीप, सतीद्वीप और गौरीशंकर क्षेत्र में अस्थायी सड़कों, पार्किंग, पुलों, पेयजल और बिजली व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने सभी सेक्टरों में अस्थायी व्यवस्थाओं के काम समानांतर रूप से कराने को कहा, ताकि एक काम की देरी से दूसरे कार्य प्रभावित न हों।

डाम कोठी में समीक्षा बैठक में मंडलायुक्त ने सड़कों, पुलों, पेयजल, विद्युत और अन्य व्यवस्थाओं की विभागवार समीक्षा की। उन्होंने प्रतिदिन फोटोग्राफ सहित प्रगति रिपोर्ट देने और ऑनलाइन डैशबोर्ड अपडेट करने के निर्देश दिए।

मेलाधिकारी सोनिका ने बताया कि प्रमुख शिविर क्षेत्रों में अस्थायी कार्यों में 70 प्रतिशत से अधिक प्रगति हो चुकी है। हरिद्वार में प्रकाश व्यवस्था के लिए करीब 2500 लाइटें लगाई जा रही हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button