उत्तराखंडदेहरादून

आंकड़ों से नहीं, आमजन की जिंदगी से तय होगा विकास

 

राज्य स्थापना दिवस पर सीएम धामी ने विकास पुस्तिका का किया विमोचन, कहा- गांवों तक पहुंचें सुविधाएं और युवाओं को मिले रोजगार

देहरादून। उत्तराखंड के विकास का पैमाना सिर्फ बड़ी परियोजनाएं और सरकारी आंकड़े नहीं, बल्कि आम आदमी की जिंदगी में आया बदलाव होना चाहिए। राज्य स्थापना दिवस पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सरकार की विकास यात्रा का खाका सामने रखते हुए कहा कि सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा और रोजगार की सुविधाएं जब गांवों तक पहुंचेंगी, तभी विकास को सार्थक माना जाएगा। गढ़ी कैंट स्थित गोरखा मिलिट्री इंटर कॉलेज में आयोजित समारोह में मुख्यमंत्री ने सूचना एवं लोक संपर्क विभाग की विकास पुस्तिका-2026 ‘सशक्त नेतृत्व, विकास की ऊंची उड़ान’ का विमोचन किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पुस्तिका प्रदेश की उपलब्धियों के साथ सरकार की जनता के प्रति जवाबदेही का भी दस्तावेज है। उन्होंने राज्य आंदोलन के अमर बलिदानियों को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि उत्तराखंड लंबे संघर्ष और बलिदान से अस्तित्व में आया है। पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्व में राज्य का सपना साकार हुआ और अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में विकसित और आत्मनिर्भर उत्तराखंड की दिशा में काम हो रहा है।

धामी ने कहा कि चारधाम ऑल वेदर रोड, दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे और ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना से प्रदेश की कनेक्टिविटी मजबूत हो रही है। पर्यटन, निवेश और स्थानीय रोजगार बढ़ाने पर जोर दिया जा रहा है। उन्होंने बताया कि प्रदेश की अर्थव्यवस्था का आकार करीब 3.82 लाख करोड़ रुपये हो गया है, जबकि रिवर्स पलायन में 44 प्रतिशत वृद्धि दर्ज की गई है।

समारोह में राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट, कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल, गणेश जोशी, खजान दास, विधायक विनोद चमोली, सविता कपूर और मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन समेत कई गणमान्य मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button