उत्तराखंडहरिद्वार

करौली शंकर महाराज के इस्तीफे पर नया उदासीन अखाड़े ने उठाए सवाल, आरोपों को बताया निराधार

 

त्यागपत्र देना था तो अखाड़े के पदाधिकारियों के समक्ष उपस्थित होकर देते, मीडिया में आरोप लगाना दुर्भाग्यपूर्ण:नितिन दास

हरिद्वार। महामंडलेश्वर पद से करौली शंकर महाराज के स्वेच्छा से त्यागपत्र देने की घोषणा के बाद श्री पंचायती अखाड़ा नया उदासीन निर्वाण ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। अखाड़े के कोठारी नितिन दास ने करौली शंकर महाराज की ओर से मीडिया में लगाए गए आरोपों को मिथ्या और निरर्थक बताते हुए इसे दुर्भाग्यपूर्ण करार दिया। उन्होंने कहा कि यदि उन्हें महामंडलेश्वर पद से त्यागपत्र देना ही था तो अखाड़े के पदाधिकारियों के समक्ष उपस्थित होकर विधिवत त्यागपत्र देना चाहिए था।

कोठारी नितिन दास ने जारी प्रेस विज्ञप्ति में कहा कि हाल ही में करौली शंकर महाराज की ओर से श्री पंचायती अखाड़ा नया उदासीन में एक कार्यक्रम आयोजित किया गया था। इसमें श्रीचंद्र मंदिर में भगवान श्रीचंद्र के समक्ष स्वयं को प्रतिष्ठित किया गया और उपस्थित जनसमुदाय से अपनी पूजा कराई गई। मंदिर परिसर में दानपात्र भी रखे गए। उन्होंने आरोप लगाया कि इस आयोजन में उदासीन संप्रदाय और पंच परंपरा का पालन नहीं किया गया।

उन्होंने कहा कि उदासीन संप्रदाय की परंपराओं के संबंध में जानकारी देने के बाद करौली शंकर महाराज की ओर से मीडिया में त्यागपत्र देने की बात सार्वजनिक की जा रही है, जो निंदनीय है।

नितिन दास ने स्पष्ट किया कि अखाड़ा अपनी स्थापित परंपराओं और मर्यादाओं के अनुसार ही संचालित होता है। किसी व्यक्ति के कहने पर अखाड़े में नई परंपरा शुरू नहीं की जा सकती। अखाड़ा अपने मूल उद्देश्यों की पूर्ति के लिए पहले भी तत्पर रहा है और आगे भी रहेगा। उन्होंने कहा कि अखाड़े की परंपराओं और मर्यादाओं से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button