उत्तराखंडहरिद्वार

मां भगवती का स्वरूप थीं सावित्री देवी : भक्त दुर्गादास

 

योगी आदित्यनाथ की दिवंगत माताजी को दी भावपूर्ण श्रद्धाजंलि

हरिद्वार, 23 नवम्बर। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की दिवंगत माता सावित्री देवी के निधन पर सिद्धपीठ वैष्णो देवी लाल माता मंदिर ट्रस्ट के संचालक भक्त दुर्गादास ने गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने दिवंगत माता सावित्री देवी की आत्मा की शांति के लिए विशेष प्रार्थना कर उन्हें भावपूर्ण श्रद्धाजंलि अर्पित की। भक्त दुर्गादास ने कहा कि सावित्री देवी का व्यक्तित्व सादगी, ममता, करुणा और संस्कारों से परिपूर्ण था। उनके दर्शन और आशीर्वाद का सौभाग्य उनके लिए हमेशा अविस्मरणीय रहेगा।

भक्त दुर्गादास ने कहा कि उन्हें दो बार गांव जाकर श्रद्धेय माता सावित्री देवी के दर्शन करने और उनका आशीर्वाद प्राप्त करने का सौभाग्य मिला। उन्होंने कहा कि दोनों ही अवसरों पर माता जी से मिलकर मन को विशेष शांति और आत्मीयता का अनुभव हुआ। उनका स्वभाव बेहद सरल और सौम्य था। बातचीत में अपनापन और व्यवहार में ममता झलकती थी। उनके व्यक्तित्व में किसी प्रकार का अहंकार नहीं था।

उन्होंने कहा कि माता सावित्री देवी केवल एक मां नहीं, बल्कि संस्कार, त्याग और ममता की प्रतिमूर्ति थीं। उनके व्यक्तित्व में साक्षात मां भगवती का स्वरूप दिखाई देता था। उनका जीवन सादगी के साथ धर्म और संस्कारों के प्रति समर्पित रहा।

भक्त दुर्गादास ने कहा कि माता सावित्री देवी ने योगी आदित्यनाथ जैसे संत और राष्ट्रसेवक को जन्म दिया। उन्होंने अपने पुत्र को बचपन से ही धार्मिक संस्कार, अनुशासन, त्याग और जनसेवा की भावना दी। आज योगी आदित्यनाथ जिस तरह धर्म और समाज की सेवा में समर्पित हैं, उसमें माता के संस्कारों की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।

उन्होंने कहा कि किसी भी परिवार के लिए मां का जाना सबसे बड़ी क्षति होती है। माता का स्नेह और आशीर्वाद जीवन की सबसे बड़ी शक्ति होता है। सावित्री देवी के निधन से उनके परिवार, शुभचिंतकों और उन्हें जानने वाले लोगों में गहरा शोक है। उनकी सरलता और ममतामयी छवि लंबे समय तक लोगों के हृदय में जीवित रहेगी।

भक्त दुर्गादास ने मां वैष्णो देवी और मां भगवती से प्रार्थना करते हुए कहा कि दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करें और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत पूरे शोकाकुल परिवार को इस अपार दुख को सहन करने की शक्ति दें। उन्होंने कहा कि माता सावित्री देवी का आशीर्वाद और उनके दिए संस्कार सदैव समाज के लिए प्रेरणा बने रहेंगे।

इस मौके पर भावभीनी श्रद्धाजंलि अर्पित करने वालों में मुख्य रूप से पंडित हेमंत थपलियाल, पंडित हीरा जोशी, राकेशचंद्र सकलानी, दीवान सिंह राणा, अश्वनी दीक्षित एवं गुजरात से आए भक्तजन व अमृतसर पंजाब से आए भक्तजन शामिल रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button