उत्तराखंडहरिद्वार

दीयों की रोशनी से जगमगाया भीमगोड़ा कुंड, श्री जी सेवा ट्रस्ट ने मनाई देव दिवाली

 

हरिद्वार। देव दिवाली के पावन अवसर पर भीमगोड़ा कुंड पर आस्था और भक्ति का अद्भुत नजारा देखने को मिला। श्री जी सेवा ट्रस्ट के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने कुंड परिसर में बड़ी संख्या में दीप प्रज्ज्वलित कर देव दिवाली मनाई। दीपों की रोशनी से पूरा परिसर जगमगा उठा। इस दौरान गंगा पूजन कर विश्व शांति, सुख-समृद्धि और परिवारों की खुशहाली की कामना की गई।

श्री जी सेवा ट्रस्ट की संस्थापक अध्यक्ष दिव्या चौधरी ने कहा कि देव दिवाली सनातन संस्कृति और धार्मिक आस्था से जुड़ा महत्वपूर्ण पर्व है। दीप जलाने का उद्देश्य केवल उत्सव मनाना नहीं, बल्कि समाज से अज्ञानता, नकारात्मकता और अंधकार को दूर कर ज्ञान, सेवा और सकारात्मकता का प्रकाश फैलाना भी है। उन्होंने कहा कि हरिद्वार में गंगा तट पर देव दिवाली मनाने का विशेष महत्व है। गंगा के पावन तट पर जलाए गए दीप श्रद्धा और भक्ति के साथ पर्यावरण एवं सामाजिक जागरूकता का संदेश भी देते हैं।

उन्होंने कहा कि श्री जी सेवा ट्रस्ट लगातार सेवा, सामाजिक सरोकार और धार्मिक परंपराओं से जुड़े कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों को एकजुट करने का प्रयास कर रहा है। देव दिवाली के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में महिलाओं और बच्चों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया। दीप प्रज्ज्वलन के दौरान पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।

कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने कहा कि गंगा तट पर दीपों की कतारें देखकर ऐसा लग रहा था, मानो धरती पर तारों की बारात उतर आई हो। श्रद्धालुओं ने दीप जलाकर गंगा मां से सभी के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि की प्रार्थना की।

इस अवसर पर सोनिया मोहन, नीना मिश्रा, दिव्या चौधरी, अनित नौटियाल, गीता अदलखा,कनिका गुप्ता, अंजुल मोहन,सुनीता शर्मा, गीता जोशी, निर्मला देवी, सर्वेश चौहान, अनिता चौहान, राजेश मोहन, अंचल अरोड़ा, रिया, लखन लाल चौहान, आविस्द्र चौधरी, वंश शर्मा, पीयूष चौहान, गणेश मिश्रा, अभिषेक चौहान, गिरिशा आदि मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button