उत्तराखंडदेहरादून

समावेशी शिक्षा की दिशा में बड़ा कदम: मुख्यमंत्री धामी ने ‘शाइन अवी लर्निंग मिशन-2030’ का किया शुभारंभ

 

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को राजपुर रोड स्थित एक निजी होटल में शाइन अवी लर्निंग “समावेशी शिक्षा मिशन-2030” का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने विशेष आवश्यकता वाले बच्चों के लिए विजुअल लर्निंग करिकुलम पर आधारित पुस्तकों एवं शिक्षण सामग्री का विमोचन भी किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह पहल शिक्षा को अधिक सरल, प्रभावी और समावेशी बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में लागू राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 बच्चों में रचनात्मक सोच, नवाचार और आत्मविश्वास विकसित करने पर केंद्रित है।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार शिक्षा के क्षेत्र में लगातार कार्य कर रही है। प्रदेश में स्मार्ट क्लास, आईसीटी लैब, पीएम श्री विद्यालय, अटल उत्कृष्ट विद्यालय, डिजिटल शिक्षण सामग्री तथा विज्ञान एवं नवाचार आधारित शिक्षा को बढ़ावा दिया जा रहा है। समावेशी शिक्षा को मजबूत करने के लिए विद्यालयों में रैंप, रेलिंग, सुगम शौचालय, अनुकूलित फर्नीचर और स्वच्छ पेयजल जैसी सुविधाएं विकसित की गई हैं।

मुख्यमंत्री ने बताया कि उत्तराखंड में लगभग 5,800 विशेष आवश्यकता वाले बच्चे विभिन्न विद्यालयों में पंजीकृत हैं। सरकार के 11 विशेष विद्यालयों के माध्यम से 1,300 से अधिक बच्चों को विशेष शिक्षण और पुनर्वास सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। साथ ही 300 से अधिक विशेष शिक्षकों की नियुक्ति की जा चुकी है तथा शेष रिक्त पदों पर भर्ती प्रक्रिया जारी है।

उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य प्रत्येक बच्चे को गुणवत्तापूर्ण और समावेशी शिक्षा उपलब्ध कराना है ताकि वह अपनी पूरी क्षमता के साथ आगे बढ़ सके। बच्चों को केवल परीक्षा के लिए नहीं, बल्कि जीवन के लिए तैयार करना समय की आवश्यकता है।

मुख्यमंत्री ने शिक्षाविद् अनीता शर्मा और शाइन अवी लर्निंग की टीम की सराहना करते हुए कहा कि विदेश से रिवर्स पलायन कर उत्तराखंड में शिक्षा के क्षेत्र में नवाचार करना अन्य प्रवासियों के लिए भी प्रेरणादायक है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार अपनी विरासत और संस्कृति के संरक्षण के साथ विकास के नए आयाम स्थापित कर रही है।

उन्होंने कहा कि उत्तराखंड ने समान नागरिक संहिता (यूसीसी) लागू करने, सतत विकास लक्ष्यों में देश में प्रथम स्थान प्राप्त करने तथा सख्त नकल विरोधी कानून लागू करने जैसे कई ऐतिहासिक कदम उठाए हैं, जो राज्य की प्रगतिशील सोच को दर्शाते हैं।

कार्यक्रम में विधायक मुन्ना सिंह चौहान, अपर सचिव बंशीधर तिवारी, मीडिया सलाहकार समिति के उपाध्यक्ष धीरेंद्र पंवार, शिक्षाविद् अनीता शर्मा सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button