
हरिद्वार। शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए दिल्ली पब्लिक स्कूल के प्रधानाचार्य अनुपम जगा को ‘भारत शिक्षा रत्न सम्मान-2026’ से सम्मानित किया गया। यह सम्मान लायंस ओलम्पियाड फाउंडेशन के सहयोग से चलाए जा रहे शिक्षाविद सम्मान प्रकल्प के तहत लायंस क्लब रानीपुर हरिद्वार की ओर से प्रदान किया गया।
सम्मान समारोह में क्लब अध्यक्ष लायन अनुज गर्ग ने कहा कि शिक्षा किसी भी समाज और राष्ट्र की मजबूत आधारशिला होती है। शिक्षकों और शिक्षाविदों का सम्मान उनके योगदान के प्रति समाज की कृतज्ञता का प्रतीक है। इससे शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ने के साथ नई पीढ़ी को भी प्रेरणा मिलती है।
क्लब सचिव लायन रितेश अग्रवाल ने बताया कि लायंस ओलम्पियाड फाउंडेशन का यह प्रकल्प विभिन्न शहरों के उत्कृष्ट शिक्षाविदों को सम्मानित कर उनके योगदान को समाज के सामने लाने का प्रयास है। ऐसे सम्मान शिक्षा के क्षेत्र में बेहतर कार्य करने वालों का उत्साहवर्धन करते हैं।
इस अवसर पर जोन चेयरपर्सन लायन संदीप धवन, पास्ट डिस्ट्रिक्ट रीजन चेयरपर्सन लायन अजय गर्ग, पास्ट प्रेसिडेंट लायन रवि सिंघल, जोन पीआरओ लायन धीरज चंडोक सहित लायंस क्लब रानीपुर हरिद्वार के पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद रहे।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि उत्कृष्ट शिक्षाविदों का सम्मान समाज में शिक्षा के महत्व को और अधिक सशक्त बनाता है तथा विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण के लिए प्रेरणा देता है।



