

गाजे-बाजे के साथ निकली गणपति विसर्जन शोभायात्रा, जगह-जगह पुष्पवर्षा से हुआ स्वागत
हरिद्वार। गणपति बप्पा मोरया के जयघोष से मंगलवार को हरिद्वार का माहौल भक्तिमय हो उठा। मां वैष्णव नव युवक संगठन की ओर से आयोजित 20वें विशाल गणपति महोत्सव के समापन पर गाजे-बाजे के साथ भव्य विसर्जन शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। जगह-जगह लोगों ने पुष्पवर्षा कर गणपति प्रतिमा का स्वागत किया। भजनों और ढोल की थाप पर श्रद्धालु जमकर झूमे और गणपति बप्पा से सुख-समृद्धि की कामना की।
गणपति प्रतिमा विसर्जन से पूर्व प्रदेश और देश की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली के लिए यज्ञ किया गया। श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से भगवान गणेश का पूजन-अर्चन कर परिवार की सुख-शांति और समृद्धि की प्रार्थना की। आयोजकों ने बताया कि सोमवार को महोत्सव के तहत भंडारे का आयोजन किया गया था, जिसमें श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया।
पूजन के बाद गणपति की प्रतिमा को शोभायात्रा के रूप में विसर्जन स्थल के लिए रवाना किया गया। शोभायात्रा में श्रद्धालु गणपति बप्पा मोरया और मंगल मूर्ति मोरया के जयकारे लगाते हुए चल रहे थे। रास्ते में विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों ने शोभायात्रा का स्वागत किया।
महंत कौशल गिरि महाराज ने कहा कि भगवान गणेश विघ्नहर्ता और मंगलकर्ता हैं। गणपति महोत्सव श्रद्धालुओं को धर्म, संस्कार और सामाजिक एकता से जोड़ने का संदेश देता है। उन्होंने कहा कि भगवान गणेश के आदर्शों को जीवन में अपनाकर समाज में सकारात्मक वातावरण बनाया जा सकता है।
पूर्व पार्षद एवं कांग्रेस के जिला महासचिव राजीव भार्गव ने कहा कि गणपति महोत्सव आस्था के साथ सामाजिक एकता और भाईचारे का पर्व है। ऐसे आयोजनों से युवा पीढ़ी को अपनी संस्कृति और परंपराओं से जुड़ने का अवसर मिलता है। उन्होंने आयोजन के लिए मां वैष्णव नव युवक संगठन के सभी पदाधिकारियों को बधाई दी।
इस अवसर पर पंडित राजकुमार तिवारी, मोहित अरोड़ा, सन्नी भाटिया, सचिन भार्गव, मोहित चौहान, शिव भाटिया, दक्ष करण शर्मा, सावन, नवीन भाटिया, गौरव शर्मा, मुकेश शर्मा, जितेंद्र तिवारी आदि मौजूद रहे।



