

मानव जीवन का सदुपयोग करें: आर्यिका विकक्षाश्री माता जी
गोविंदघाट पर आयोजित कार्यक्रम में धर्म, भक्ति और संस्कृति का संगम, नृत्य-नाटिका से भावविभोर हुए श्रद्धालु
हरिद्वार। गोविंदपुरी स्थित गोविंदघाट पर रविवार को परम पूज्य 105 आर्यिका रत्न विकक्षाश्री माता जी का 50वां स्वर्णिम अवतरण दिवस श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। श्रमण सेवा समिति पंचपुरी हरिद्वार के संयोजन में आयोजित कार्यक्रम में जैन समाज के लोगों ने माता जी की पूजा-अर्चना कर उनका आशीर्वाद लिया। इस दौरान महिलाओं और बच्चों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने समां बांधा। धार्मिक अनुष्ठानों, प्रवचनों और भक्ति से सराबोर कार्यक्रम में धर्म के मार्ग पर चलने तथा मानव जीवन का सदुपयोग करने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ श्रमण सेवा समिति के अध्यक्ष संदीप जैन एकम्स, बालेश जैन, सतीश जैन, विजय जैन, रवि जैन और संदीप जैन सहित अन्य श्रद्धालुओं ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर स्वर्ण कलश से माता जी के चरण प्रक्षालन किए गए। इसके बाद अष्टद्रव्य से पूजा-अर्चना कर उनके दीर्घायु और मंगलमय जीवन की कामना की गई।
प्रवचन के दौरान आर्यिका रत्न विकक्षाश्री माता जी ने कहा कि मनुष्य को दुर्लभ मानव जीवन मिला है, इसलिए इसका सदुपयोग करना चाहिए। संसार की मोह-माया को कम करते हुए धर्म के मार्ग पर चलना चाहिए। उन्होंने श्रद्धालुओं को जीवन में सदाचार, संयम और आध्यात्मिक मूल्यों को अपनाने की प्रेरणा दी।
श्रमण सेवा समिति के अध्यक्ष संदीप जैन ने कहा कि हरिद्वार के लिए यह सौभाग्य का विषय है कि समाज को माता जी का 50वां अवतरण दिवस मनाने का अवसर प्राप्त हुआ। ऐसे आयोजन समाज में धार्मिक आस्था को मजबूत करने के साथ नई पीढ़ी को संस्कारों से जोड़ने का काम करते हैं।
समिति के मीडिया प्रभारी आदेश जैन ने कहा कि लाखों लोगों में किसी एक को संत के रूप में जीवन समर्पित करने का अवसर मिलता है। ऐसे संतों का अवतरण दिवस मनाने का सौभाग्य मिलना जीवन को धन्य करने वाला है।
नृत्य और नाटिका ने मोहा मन
कार्यक्रम में जैन जागृति महिला मंडल हरिद्वार की निकिता, प्रियाली, शुभांगी, रूपाली और दिव्या ने सुंदर नृत्य एवं नाटिका प्रस्तुत की। बच्चों आव्या, मान्या और सार्थक की प्रस्तुतियों को भी सराहना मिली। सांस्कृतिक कार्यक्रम की संयोजिका अर्चना जैन एकम्स रहीं, जबकि मंच संचालन नीतू जैन और रीतू जैन ने किया।
इस अवसर पर उपाध्यक्ष पीयूष जैन सहित नितेश जैन, अजय जैन, अनिल जैन सीए, वकील चंद जैन, संजय जैन, रजत जैन, अंकित जैन, रुचिन जैन, हनी जैन, मनोज जैन, अशोक जैन, पूजा जैन, मोना जैन, रीना जैन, शालिनी जैन, ऋतु जैन, प्रियंका जैन, पारुल जैन, नीरू जैन और रेखा जैन सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।



