उत्तराखंडहरिद्वार

आस्था, अनुशासन, साधना, सनातन संस्कृति के प्रति समर्पण का प्रतीक है दण्डवत यात्रा : म.मं. स्वामी करौली शंकर महाराज

श्री पंचायती अखाड़ा नया उदासीन पर म.मं. स्वामी करौली शंकर महाराज ने संतों की पावन उपस्थिति में झण्डी दिखाकर किया भव्य दण्डवत यात्रा का शुभारम्भ

हरिद्वार, 30 अक्टूबर। दण्डवत यात्रा आस्था, अनुशासन, साधना, सनातन संस्कृति के प्रति समर्पण का प्रतीक है। यह विचार मिश्री मठ के परमाध्यक्ष म.मं. स्वामी करौली शंकर महाराज ने श्री पंचायती अखाड़ा नया उदासीन पर संतों की पावन उपस्थिति में झण्डी दिखाकर भव्य दण्डवत यात्रा का शुभारम्भ करते हुए व्यक्त किये।

म.मं. स्वामी करौली शंकर महाराज ने कहा कि दंडवत यात्रा केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि आस्था, अनुशासन, साधना और सनातन संस्कृति के प्रति समर्पण का प्रतीक है। इस प्रकार के धार्मिक आयोजनों से समाज में आध्यात्मिक चेतना जागृत होती है और नई पीढ़ी को अपनी धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत से जुड़ने की प्रेरणा मिलती है। म.मं. स्वामी करौली शंकर महाराज ने कहा कि दण्डवत यात्रा में उमड़े हजारों श्रद्धालु हरिद्वार में आयोजित होने वाले कुम्भ 2027 को भव्य एवं दिव्य बनाने, हिन्दू सनातन संस्कृति के प्रचार-प्रसार, धर्म के प्रति जन-जागरण, देश की एकता-अखण्डता को अक्षुण्ण बनाये रखने, मानव जाति को रोग मुक्त, शोक मुक्त, भय मुक्त, भ्रम मुक्त और नशा मुक्त करने तथा मां गंगाजी को स्वच्छ, निर्मल बनाते हुए प्रदूषण मुक्त बनाये रखने के संकल्प हेतु दण्डवत यात्रा में शामिल हो रहे हैं।

श्री पंचायती अखाड़ा नया उदासीन के अध्यक्ष श्रीमहंत धुनी दास जी महाराज ने कहा कि निश्चित रूप से दण्डवत यात्रा आगामी कुम्भ को भव्य, दिव्य बनाने में व सनातन संस्कृति का समूचे विश्व में प्रचार-प्रसार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभायेगी।

कोठारी महंत नितिन दास जी महाराज ने कहा कि म.मं. स्वामी करौली शंकर महाराज श्री पंचायती नया अखाड़ा उदासीन के गौरव है। अपनी मंत्र साधना के माध्यम से पीड़ित मानवता को कष्टों से मुक्ति दिलाने का महत्वपूर्ण कार्य कर रहे हैं।

श्री पंचायती नया अखाड़ा उदासीन से संतजनों, गणमान्यजनों की पावन उपस्थिति में म.मं. स्वामी करौली शंकर महाराज ने ध्वजा दिखाकर दण्डवत यात्रा का शुभारम्भ किया। दण्डवत यात्रा में देश-दुनिया से आये हजारों श्रद्धालु व साधकों ने श्रद्धापूर्वक प्रतिभाग किया।

दण्डवत यात्रा के शुभारम्भ के अवसर पर श्रीमहंत धुनी दास जी महाराज, कोठारी महंत नितिन दास जी, स्वामी दुर्गेशानन्द सरस्वती जी महाराज, सुतीक्ष्ण मुनि, हंसानन्द जी महाराज, स्वामी ऋषिश्वरानन्द, स्वामी बुध मुनि, संत गुरमीत सिंह, संस्था के प्रबंधक डॉ. उमेश सचान, अनिरूद्ध भाटी, पूर्व मेयर मनोज गर्ग, पार्षद राजेश शर्मा, सचिन कुमार, दीपक शर्मा, गोस्वामी गगनदीप दत्त, डॉ. विशाल गर्ग, अनिरूद्ध शर्मा समेत सैकड़ों गणमान्यजन व हजारों श्रद्धालु भक्तजन उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button