उत्तराखंडहरिद्वार

खेलों में खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम, खो-खो और कबड्डी में विद्यार्थियों ने मारी बाजी

आदर्श बाल सदन इंटर कॉलेज में खेल दिवस पर हुईं विभिन्न प्रतियोगिताएं, विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कार देकर किया सम्मानित

हरिद्वार। खेल के मैदान में जीत का जज्बा, प्रतिभा का प्रदर्शन और खिलाड़ियों का उत्साह देखने को मिला। बहादुरपुर जट स्थित आदर्श बाल सदन इंटर कॉलेज में खेल दिवस धूमधाम से मनाया गया। इस दौरान खो-खो, कबड्डी, 100 और 200 मीटर दौड़ सहित विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह और खेल भावना के साथ प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिताओं के अंत में विजेता खिलाड़ियों को प्रशस्ति पत्र और पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।

खो-खो प्रतियोगिता में कक्षा 11वीं की टीम ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि कक्षा 10वीं की बालिका टीम द्वितीय स्थान पर रही। कबड्डी प्रतियोगिता में कक्षा 10वीं की टीम ने बाजी मारी और कक्षा नौवीं की टीम दूसरे स्थान पर रही। 200 मीटर दौड़ में सावन ने प्रथम, जितेंद्र ने द्वितीय और उपलक्ष्य ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं, 100 मीटर दौड़ में नक्शा प्रथम, प्रतिभा द्वितीय और खुशी तृतीय स्थान पर रहीं। इसके अलावा 400 और 800 मीटर दौड़ सहित अन्य प्रतियोगिताएं भी आयोजित की गईं।

इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य धर्मेंद्र सिंह चौहान ने कहा कि उत्तराखंड देवभूमि के साथ-साथ वीरभूमि भी है। यहां के युवाओं में खेलों के प्रति जुनून और प्रतिभा पूरे देश में अतुलनीय है। राज्य सरकार की ओर से खेलों को बढ़ावा देने के लिए किए जा रहे प्रयास सराहनीय हैं। उन्होंने कहा कि विद्यालय का लक्ष्य ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों की खेल प्रतिभा को निखारकर उन्हें राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाना है। खेल विद्यार्थियों को अनुशासन, एकता, टीम भावना और राष्ट्रप्रेम की सीख देते हैं।

कार्यक्रम में सतीश शास्त्री, वीर सिंह, पूजा जोशी, अंजू सैनी, अजय यादव, सुदेश चौहान, प्रशिक्षक भारत भूषण और राज्य स्तरीय खिलाड़ी अनंतिम सहित विद्यालय के शिक्षक एवं अन्य लोग मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button